महिला के कान से झुमका नोचकर फरार बदमाश से एनकाउंटर, पैर में गोली मारकर पकड़ा
गोंडा के करनैलगंज में 25 हजार के इनामी बदमाश अमित तिवारी उर्फ घुरले को पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर महिलाओं से कुंडल और आभूषण छीनने के कई मामले दर्ज थे।

UP News: गोंडा में करनैलगंज कोतवाली पुलिस और एसओजी के साथ सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में नरायनपुर मांझा के पास 25 हजार के इनामी को गोली मारकर पकड़ा गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध असलहा, एक बाइक व छिनैती के 22,000 रुपए बरामद करने का दावा किया है। पकड़े गए बदमाश की पहचान इनामिया अमित तिवारी उर्फ घुरले निवासी ढेहवा करनीपुर थाना तरबगंज के रूप में हुई है। शातिर बदमाश एक महिला के कान से झुमका नोचकर भागा था। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी अभिषेक दवाच्या के नेतृत्व में पुलिस की संयुक्त टीम को यह सफलता मिली है।
एसपी के अनुसार 19 फरवरी को अंकुश तिवारी ने पुलिस सूचना दी कि वह अपनी मां के साथ बाइक से विवाह कार्यक्रम में जा रहे थे। दोपहर करीब 01ः35 बजे चकरौत बाजार से लगभग एक किमी पहले पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी माता के कान का झुमका झपट्टा मारकर लूट लिया था। इससे उनकी मां का कान भी फट गया और चोटें आईं थीं। बदमाश घटना के बाद मौके से फरार हो गए।
अंकुश की तहरीर के आधार पर करनैलगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किया था। घटना को संज्ञान में लेते एसपी ने चार पुलिस टीमों का गठन किया था। एसओजी/सर्विलांस को भी घटना के खुलासे के लिए लगाया गया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास और संभावित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से संदिग्धों को चिन्हित किया। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस टीम ने 27 मार्च को बदमाश विवेक पाण्डेय उर्फ विक्कू पुत्र सुशील कुमार पाण्डेय निवासी शिवबक्स पुरवा, थाना तरबगंज, जनपद गोण्डा को कुतुबपुर बंधा मोड़ से गिरफ्तार किया था।
इसी मामले में शातिर अमित तिवारी उर्फ घुरले फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 25,000 रुपए का इनाम घोषित किया था। सोमवार रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी बीच सूचना मिली कि शातिर बदमाश नारायणपुर मांझा की तरफ मोटरसाइकिल से आ रहा है। पुलिस टीम ने नारायणपुर मांझा के पास उसे पकड़ने का प्रयास किया गया। बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी गयी। पुलिस टीम की जवाबी फायरिंग में शातिर बदमाश अमित तिवारी उर्फ घुरले के पैर में गोली लगी। उसे तत्काल जिला अस्पताल गोण्डा में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली करनैलगंज में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करके अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। एसपी मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त शातिर अपराधी है, जो अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर महिलाओं के कान के झुमके व अन्य आभूषण नोचकर छिनैती की घटनाओं को अंजाम देता था। अभियुक्त द्वारा जनपद गोण्डा के थाना करनैलगंज एवं थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में तथा जनपद बस्ती में भी कई छिनैती की घटनाएं की गई हैं ।




साइन इन