पार्क में मिलने आए प्रेमी को लेकर अस्पताल पहुंची प्रेमिका, संदिग्ध हालात में मौत
विनोद कुमार रविवार सुबह घर से बिना बताए अपनी बाइक लेकर निकला था। वह कालाआम पुलिस चौकी के पास स्थित मलका पार्क पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज में वह पार्क के गेट के सामने बाइक खड़ी कर अंदर जाते हुए दिखाई दे रहा है। पार्क में एक युवती, जिसे उसकी प्रेमिका बताया जा रहा है, से बातचीत के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई।

UP News: यूपी के बुलंदशहर नगर क्षेत्र स्थित मलका पार्क में रविवार सुबह अपनी प्रेमिका से मिलने आए बागपत के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर युवती उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद युवती युवक के परिजनों को सूचना देकर अस्पताल से निकल गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली पुलिस के अनुसार बागपत जिले के थाना बिनौली क्षेत्र के गांव फतेहपुर पूठी निवासी विनोद कुमार (34 वर्ष) पुत्र लाल सिंह रविवार सुबह घर से बिना बताए अपनी बाइक लेकर निकला था। वह कालाआम पुलिस चौकी के पास स्थित मलका पार्क पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज में वह पार्क के गेट के सामने बाइक खड़ी कर अंदर जाते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि पार्क में एक युवती, जिसे उसकी प्रेमिका भी बताया जा रहा है, से बातचीत के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ा।
इसके बाद युवती अन्य लोगों की मदद से विनोद को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती ने विनोद के मोबाइल से उसके भाई प्रदीप को फोन किया और युवती अस्पताल से चली गई।
बुलंदशहर पहुंचे परिजन
उधर, इस घटना की सूचना मिलते ही विनोद के भाई और पिता लाल सिंह बुलंदशहर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि विनोद अविवाहित था और पिछले दो साल से घर पर ही रह रहा था। इससे पहले वह पंजाब की एक कंपनी में नौकरी करता था। मृतक चार भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर पर था।
क्या बोली पुलिस
नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह राठौर ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल्स से युवती के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।




साइन इन