रेप आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर फरसा-लाठी से हमला, वर्दियां फाड़ीं; दरोगा समेत 4 घायल
रेप और पॉक्सो एक्ट के आरोपी विपिन कुमार की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपित अपने मामा के घर गौर थाना क्षेत्र स्थित डेंगरहा में छिपा है। रात में तकरीबन सवा नौ बजे चौकी प्रभारी टिनिच श्रीहरि राय अपने सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ आरोपित के मामा के घर पहुंचे।

UP News: यूपी के बस्ती के गौर थाना क्षेत्र स्थित डेंगरहा गांव में रेप (Rape)और पॉक्सो एक्ट (Pocso Act) के आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने फरसा, कुल्हाड़ी और लाठी से हमला कर दिया। हमले में चौकी प्रभारी टिनिच समेत 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमलावरों ने पुलिस कर्मियों की वर्दियां भी फाड़ दी। इस दौरान अंधेरे का लाभ उठाकर आरोपित मौके से फरार हो गया। चौकी प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद व अज्ञात पर केस किया है।
गौर थाना क्षेत्र स्थित शिवपुर गांव निवासी विपिन कुमार के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित विपिन अपने मामा रामकुमार के घर गौर थाना क्षेत्र स्थित डेंगरहा में छिपा है। रात में तकरीबन सवा नौ बजे चौकी प्रभारी टिनिच श्रीहरि राय अपने सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ आरोपित के मामा के घर पहुंच गए।
पुलिस के पहुंचते ही आरोपित विपिन कुमार के रिश्तेदार ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर कहासुनी कर दी। पुलिस कर्मियों से नोकझोंक करने के बाद विपिन के रिश्तेदारों और करीबियों ने लाठी, डंडा और फरसा-कुल्हाड़ी लेकर हमला कर दिया। हमले में चौकी प्रभारी श्रीहरि राय, हेड कांस्टेबल रणजीत सिंह, कांस्टेबल अखिलेश मौर्य और महिला सिपाही मीरा यादव घायल हो गईं। हमलावरों ने पुलिस कर्मियों की वर्दियां भी फाड़ दीं।
कई थानों की फोर्स पहुंची तो संभली स्थिति, कई पर केस
चौकी प्रभारी ने हमले की सूचना गौर थाने पर दी। सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह, थानाध्यक्ष गौर अतुल कुमार अंजान, चौकी इंचार्ज बभनान, पैकोलिया, हर्रैया और छावनी थाने की भी पुलिस डेंगरहा गांव पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति संभाली। इस दौरान आरोपित विपिन वहां से फरार हो गया। सीओ स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि चौकी प्रभारी टिनिच की तहरीर पर डेंगरहा के रामकुमार, रामकिशुन, गीता, प्रिंस, शिवांगी, प्रियांशी और कुछ अन्य पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।




साइन इन