लिव इन में रह रही युवती की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या, चेहरे पर गंभीर चोटें, साथी फरार
अलीगढ़ में एक युवती की गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी गई। वह करीब डेढ़ महीने से एक युवक के साथ किराये के मकान में रह रही थी, जिसमें उसका शव पड़ा मिला। शुरुआत में परिजनों ने जहर खाकर आत्महत्या की आशंका जताई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या होना पाया गया।

यूपी के अलीगढ़ से एक सनसनखेज मामला सामने आया है। जहां महुआखेड़ा थाना क्षेत्र के बघेल नगर में मजदूर परिवार की एक युवती की गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी गई। वह करीब डेढ़ माह से एक युवक के साथ किराये के मकान में रह रही थी, जिसमें उसका शव पड़ा मिला। शुरुआत में परिजनों ने जहर खाकर आत्महत्या की आशंका जताई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या होना पाया गया। उसके चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे, जो बेरहमी से मारपीट की ओर इशारा कर रहे थे। जिस युवक के साथ महिला रहती थी, वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
इंस्पेक्टर महुआखेड़ा जोगेंद्र सिंह ने बताया कि धनीपुर मंडी स्थित मोहन नगर निवासी 26 वर्षीय ज्योति करीब छह साल पहले नौरंगाबाद निवासी एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रही थी। बाद में उसने ज्योति को छोड़ दिया। अब करीब आठ माह से कृष्णा नाम के युवक संग बिना शादी के बघेल नगर में तोताराम के मकान में रह रही थी। गुरुवार सुबह तोताराम के बेटे ने पुलिस को सूचना दी कि ज्योति का शव उसके कमरे में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो ज्योति के आंख के ऊपर गंभीर चोट थी। नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे।
ज्योति की मां पुष्पा देवी ने लिखित में किसी भी तरह की कार्रवाई से मना कर दिया। लेकिन, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के चलते पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इसमें गला घोंटकर हत्या की बात सामने आई। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि कृष्णा मौके पर नहीं मिला है। उसकी भी तलाश की जा रही है।
आंख व कंधे पर चोट, गाल फाड़ा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार महिला के साथ बुरी तरह मारपीट की गई। उसके शरीर पर कई जगह चोट थीं। चेहरे पर दाईं आंख के ऊपर व कंधे पर चोट के निशान थे। बायां गाल अंदर से फटा हुआ था।
चोरी में जेल जा चुका है युवक
मकान मालिक के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे ज्योति व कृष्णा को देखा था। उस समय ज्योति कुछ परेशान लग रही थी। पूछने पर कृष्णा ने बताया कि उसकी तबीयत खराब है। इसके बाद दोनों कमरे में चले गए। सुबह ज्योति मृत अवस्था में मिली। कृष्णा फरार था। पुलिस के अनुसार कृष्णा पूर्व में बन्नादेवी थाने से चोरी के मुकदमे में जेल भी जा चुका है।
महिला की मां ने की थी दूसरी शादी : ज्योति की मां पुष्पा देवी मूलरूप से बिहार की रहने वाली है। वर्तमान में मोहन नगर में किराये के मकान पर रह रही है। पुष्पा ने पूर्व में बुलंदशहर के खुर्जा अड्डा निवासी श्रीचंद गौतम से शादी की थी। उनसे पांच बच्चे हैं। श्रीचंद की मौत होने के बाद राजवीर सिंह से दूसरी शादी कर ली, जो तालानगरी में मजदूरी करते हैं। इस मामले में सीओ द्वितीय कमलेश कुमार का कहना है कि युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन