जंगल में गूंजती चीखों के बीच लड़की की दर्दनाक मौत, शौच करने गई थी; तेंदुए ने काट दिया गला
गांववालों के मुताबिक लड़की अपने घर से 300 मीटर की दूरी पर जंगल में शौच के लिए गई हुई थी। तेंदुआ ने उसका गला काट दिया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। शोर सुनकर गांव वाले इकट्ठा हुए लेकिन तब तक तेंदुआ भाग गया था। पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

यूपी के बलरामपुर के भांभर रेंज के अंतर्गत नेपाल सीमा से सटे गांव बिशनपुर कोडर में गुरुवार की सुबह नौ बजे के करीब शौच करने गई एक लड़की पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। हमले से लहूलुहान युवती खुद को बचाने की गुहार लगाती जोर-जोर से चीखने लगी। चीखें सुनकर लोग उसे बचाने को दौड़े भी लेकिन तब तक तेंदुए ने लड़की के गले को नोंच का काट डाला और भाग गया। जंगल में गूंजती अपनी ही चीखों के बीच युवती की दर्दनाक मौत हो गई।
लड़की का नाम कमला और उम्र 25 साल थी। गांववालों के मुताबिक वह अपने घर से 300 मीटर की दूरी पर जंगल में शौच के लिए गई हुई थी। तेंदुआ ने उसका गला काट दिया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। शोर सुनकर गांव वाले इकट्ठा हुए लेकिन तब तक तेंदुआ भाग गया था। पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई प्रेमचंद ने बताया कि उसके घर से जंगल मात्र 300 मीटर दूर है। उसकी बहन शौच के लिए गई थी, तभी तेंदुआ ने हमला कर दिया। मृतका की माता रामरती और परिजनों का रो-रो करके बुरा हाल है। ग्राम प्रधान राजकुमार यादव और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि हाल के दिनों में कई बार तेंदुआ को देखा गया है।
क्या बोले वन विभाग के अधिकारी
वन क्षेत्राधिकारी योगेश कुमार ने कहा कि वन विभाग टीम द्वारा लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। ग्रामीणों को जंगल जाने से मना किया गया है। तेंदुआ के पग चिन्ह मिले हैं। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी गई है।
महाराजगंज में दो शावकों संग दिखा तेंदुआ
उधर, महाराजगंज के ठूठीबारी के पिपरिया गांव के नहर के पश्चिम अंतिम छोर स्थित गन्ने के खेत में गुरुवार को करीब चार बजे गांव के गयासुद्दीन के खेत में दो शावकों के साथ मादा तेंदुआ के दिखने पर हड़कंप मच गया। तेंदुआ ने खेत में चर रही एक बकरी को शिकार बनाया था। साथ ही आठ दिन पहले भी एक बकरी को शिकार बनाया था। घटना की जानकारी जैसे ही गांव में फैली, लोगों में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीण जब खेत की ओर गए तो तेंदुआ को देखकर शोर मचाने लगे। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। बढ़ती भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। टीम ने खेत में तेंदुआ व शावकों का लोकेशन खोजने का प्रयास शुरू किया। हालांकि खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू जारी रहा और तेंदुए की झलक नहीं मिली थी। जबकि शावक सुरक्षित दिखे। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खेतों की ओर अकेले न जाएं और किसी भी प्रकार की गतिविधि की तुरंत सूचना विभाग को दें। मधवलिया वन क्षेत्रधिकारी अजीत भाष्कर ने बताया कि दोनों शावक सुरक्षित हैं और मादा तेंदुआ का रेस्क्यू जारी है। अभी तक कुछ सुराग नहीं मिला है।
बहराइच में बाग में छिपे तेंदुए ने दो लोगों को किया घायल
वहीं, बहराइच के अब्दुल्लागंज रेंज के जंगल और भाखला नाला से सटे चनैनी गांव बाग में भी छिपे तेंदुए ने गुरुवार सुबह खेत जा रही महिलाओं पर झपटा मारा। जान बचाकर भागी महिलाओं के शोर पर बचाने दौड़े दो ग्रामीणों को तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया। इसकी भनक लगते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें गांव पहुंची हैं। घायलों को चरदा सीएचसी लाए जाने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज कर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाने के चनैनी गांव में गुरुवार सुबह लगभग सात बजे कुछ महिलाएं खेत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बाग में छिपे गुर्राहठ भरते ने तेंदुए ने उनकी ओर झपट्टा मारा। महिलाएं शोर मचाती जान बचाकर भागीं। उनकी आवाजें सुनकर राम धीरज यादव और नगे कश्यप दौड़े। आक्रामक तेंदुए ने उन दोनों पर हमला कर घायल कर दिया। तब तक अन्य ग्रामीणों के हांका लगाने पर तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को चरदा सीएचसी पहुंचाया गया। चिकित्सक डॉ.महेश विश्वकर्मा ने प्राथमिक इलाज कर घायलों को मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।




साइन इन