Gifts worth 2131 crores in Deoband, Yogi said now it is known for development, not for fatwas and riots देवबंद में 2131 करोड़ की सौगातें, योगी बोले- फतवों, दंगों से नहीं अब विकास के लिए जाना जाता, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

देवबंद में 2131 करोड़ की सौगातें, योगी बोले- फतवों, दंगों से नहीं अब विकास के लिए जाना जाता

यूपी के देवबंद में मुख्यमंत्री ने ₹2131 करोड़ की 325 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इनमें 500 करोड़ की 184 परियोजनाओं का लोकार्पण और 1631 करोड़ की 141 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल रहा।

Thu, 7 May 2026 09:01 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
देवबंद में 2131 करोड़ की सौगातें, योगी बोले- फतवों, दंगों से नहीं अब विकास के लिए जाना जाता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को देवबंद की धरती से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बदली तस्वीर को ‘फतवों से विकास तक’ की यात्रा बताते हुए बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कभी देवबंद पहले फतवों, दंगों और विवादों के कारण देशभर में चर्चा का केंद्र रहता था, लेकिन आज वही देवबंद विकास, सुरक्षा और विश्वास की नई पहचान बन रहा है। देवबंद में स्थापित एटीएस सेंटर का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि अब यहां देशविरोधी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। जो देश की सुरक्षा में सेंध लगाएगा, उसका काम तमाम होना तय है।

जड़ौदा जट्ट क्षेत्र में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने ₹2131 करोड़ की 325 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इनमें 500 करोड़ की 184 परियोजनाओं का लोकार्पण और 1631 करोड़ की 141 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सरकारी धन तुष्टिकरण और कब्रिस्तानों की बाउंड्री पर खर्च होता था, अब वही पैसा सड़क, विश्वविद्यालय, स्पोर्ट्स कॉलेज, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और गरीबों की सुविधाओं पर लगाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2013 से 2016 तक पश्चिमी यूपी दंगों, कर्फ्यू और भय के माहौल से जूझ रहा था। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, कैराना और कांधला जैसे इलाके अशांति की पहचान बन चुके थे। व्यापारियों में डर था, किसान परेशान थे और नौजवान पलायन को मजबूर। 2017 के बाद डबल इंजन सरकार बनने के साथ कानून व्यवस्था और विकास दोनों मोर्चों पर बड़ा बदलाव आया।

योगी ने कहा कि अब सहारनपुर दंगों या पलायन के लिए नहीं, बल्कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, वुड कार्विंग उद्योग, इंडस्ट्रियल हब और तेज विकास के लिए जाना जा रहा है। सहारनपुर में बनने वाला इंडस्ट्रियल लॉजिस्टिक हब हजारों युवाओं को रोजगार देगा और पश्चिम यूपी की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा।

फतवों की जगह अब विकास और सुरक्षा की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय देवबंद से जारी फतवों से देशभर में हलचल मचती थी। लोगों को आशंका रहती थी कि अब कौन-सा नया विवाद खड़ा होगा। लेकिन आज देवबंद अब डर और विवाद नहीं, बल्कि विकास और विश्वास का प्रतीक बन रहा है। सभा में मुख्यमंत्री ने बिना किसी का नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि समाज को जाति और तुष्टिकरण के आधार पर बांटने वाली राजनीति से सावधान रहने की जरूरत है। विकास का कोई विकल्प नहीं है और प्रदेश की प्रगति बनाए रखने के लिए विकास की निरंतरता जरूरी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP में राज्यकर्मी बच्चों की देखभाल को ले सकेंगे म्यूचुअल ट्रांसफर, नई नीति जारी
ये भी पढ़ें:यूपी के इन जिलों में अगले 3 घंटे में बारिश का अलर्ट, 60 की रफ्तार से आंधी भी
ये भी पढ़ें:यूपी के सभी डीएम और कमिश्नर को मुख्य सचिव एसपी गोयल के ये निर्देश, क्या कहा?

विधानसभा वार मिली सौगात

देवबंद - ₹523.27 करोड़

रामपुर मनिहारन - ₹795.54 करोड़

सहारनपुर नगर - ₹397.44 करोड़

नकुड़ - ₹302.61 करोड़

गंगोह - ₹188.02 करोड़

बेहट - ₹173.09 करोड़

सहारनपुर देहात - ₹59.72 करोड़

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।