तेज धूप और लू से लोग बेहाल, पारा 43 डिग्री पार
Ghazipur News - गाजीपुर में भीषण गर्मी और लू ने जनजीवन को प्रभावित किया है। अधिकतम तापमान 43.02 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लोग धूप में निकलने से बच रहे हैं और अस्पतालों में गर्मी से संबंधित बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मौसम विभाग ने आगे और गर्मी बढ़ने की चेतावनी दी है।

गाजीपुर, संवाददाता। जनपद में इन दिनों भीषण गर्मी और लू ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 43.02 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.01 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। मौसम में बढ़ती गर्मी के चलते बाजारों में भी भीड़ कम देखने को मिल रही है। खासकर दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक लू का असर सबसे अधिक रहा। इस दौरान निकलने वाले लोगों को तेज धूप और झुलसाने वाली हवाओं का सामना करना पड़ा।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी हालात कमोबेश ऐसे ही रहे, जहां लोग पेड़ों की छांव और ठंडे स्थानों पर राहत तलाशते नजर आए।अस्पतालों में भी गर्मी से संबंधित बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। डॉक्टरों के अनुसार डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, सिरदर्द और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं तेजी से सामने आ रही हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। बिजली की बढ़ती खपत के कारण शहर और ग्रामीण इलाकों में कटौती की समस्या भी सामने आ रही है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। पंखे और कूलर भी तेज गर्मी के आगे बेअसर साबित हो रहे हैं। वहीं, पशु-पक्षी भी गर्मी से बेहाल हैं और जल स्रोतों के आसपास दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिससे लू का असर और तेज होगा। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन