बिजली कटौती से उपभोक्ता बेहाल
Ghazipur News - गाजीपुर में पिछले कुछ दिनों से अघोषित बिजली कटौती ने जनजीवन को प्रभावित किया है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की कमी और लो वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं। पानी की टंकियों की कमी और छोटे उद्योगों का ठप होना आम बात हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के कारण लोड बढ़ा है।

गाजीपुर। पिछले कुछ दिनों से जारी अघोषित बिजली कटौती ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के मोहल्लों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक, बिजली की आवाजाही का कोई निश्चित समय न होने से उपभोक्ताओं मे नाराजगी बनी है। शहर के मुख्य इलाकों लंका, महुआबाग, रौजा, विशेश्वरगंज आदि मोहल्लों में लो वोल्टेज की समस्या बनी है। बिजली न रहने से पानी की टंकियां नहीं भर पा रही हैं, जिससे सुबह के समय लोगों को पानी के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। बिजली पर आधारित छोटे उद्योगों और दुकानों का काम पूरी तरह ठप हो जा रहा है। ग्रामीण फीडरों की स्थिति और भी चिंताजनक है।
सैदपुर, जखनियां, जमानियां और मोहम्मदाबाद के ग्रामीण अंचलों में 10 से 12 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि हर महीने समय पर बिजली बिल भरते हैं, लेकिन सुविधा के नाम पर हमें केवल अंधेरा और आश्वासन मिल रहा है। गर्मी में बिना पंखे के रहना दूभर हो जा रहा है। विद्युत विभाग के अधिकारियों का तर्क है कि बढ़ती गर्मी के कारण लोड अचानक बढ़ गया है, जिससे ट्रांसफार्मरों पर दबाव बढ़ रहा है और केबल जलने की घटनाएं हो रही हैं। विभाग का कहना है कि जर्जर तारों की मरम्मत और ओवरलोडिंग को कम करने के लिए शटडाउन लिया जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन