तेज धूप और बढ़ी उमस ने बढ़ाई परेशानी
Ghazipur News - गाजीपुर में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। तेज धूप और गर्म हवा से उमस बढ़ गई है, जिससे लोग घरों से बाहर निकलने में हिचकिचा रहे हैं। अधिकतम तापमान 40.01 डिग्री और न्यूनतम 22.02 डिग्री दर्ज किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को अधिक पानी पीने और धूप में नहीं निकलने की सलाह दी है।

गाजीपुर। जिले में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। तेज धूप के कारण हवा गर्म हो गई है, जिससे उमस में भी काफी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सुबह से ही चटक धूप निकलने के कारण लोग घरों से बाहर निकलने में हिचक महसूस कर रहे हैं। दोपहर के समय स्थिति और अधिक कठिन हो जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.01 और न्यूनतम 22.02 डिग्री दर्ज किया गया। बढ़ता तापमान के कारण वातावरण में भारीपन महसूस किया जा रहा है। इससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और बाजारों में भी दोपहर के समय भीड़ कम देखी जा रही है।
सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को हो रही है। लोग गर्म हवा और उमस से बचने के लिए छाया और ठंडे स्थानों की तलाश करते नजर आ रहे हैं। कई स्थानों पर लोग पंखे और कूलर के सहारे ही राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को अधिक पानी पीने, धूप में अनावश्यक बाहर न निकलने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। मौसम में यह बदलाव आने वाले दिनों में और असर डाल सकता है। फिलहाल गर्मी और उमस ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन