Friends strangled a young man to grab his money in bulandshahr UP पैसा हड़पने के लिए दोस्त बने जानी दुश्मन; सुनसान जगह ले जाकर युवक का गला घोंट दिया, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

पैसा हड़पने के लिए दोस्त बने जानी दुश्मन; सुनसान जगह ले जाकर युवक का गला घोंट दिया

बुलंदशहर में दोस्त का पैसा हड़पने के लिए तीन दोस्तों ने उसकी हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया। गला घोंटकर मारने के बाद शव छिपाकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने जब मामले की जांच पड़ताल की राज खुला। सोमवार को पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। 

Mon, 29 Sep 2025 07:31 PMPawan Kumar Sharma संवाददाता, बुलंदशहर
share
पैसा हड़पने के लिए दोस्त बने जानी दुश्मन; सुनसान जगह ले जाकर युवक का गला घोंट दिया

यूपी के बुलंदशहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां अनूपशहर में जहांगीराबाद-दौलतपुर रोड पर सड़क किनारे मिले शव की शिनाख्त करते हुए पुलिस ने हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पैसा हड़पने के लिए दोस्तों ने ही युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिया था।

सोमवार को पुलिस लाइन में एसपी देहात डॉ तेजवीर सिंह ने बताया कि 24 सितंबर को अनूपशहर क्षेत्र में जहांगीराबाद-दौलतपुर रोड पर सड़क किनारे एक शव मिला था। मृतक की शिनाख्त सिद्धार्थ चन्द्रा निवासी जसोदिया एन्कलेव फतेहबाद रोड थाना ताजगंज आगरा के रूप में हुई। सिद्धार्थ फिलहाल गाजियाबाद में रह रहा था। मृतक के भाई आशीष चन्द्रा की तहरीर के आधार पर थाना अनूपशहर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के आधार पर पुलिस ने संभल निवासी बब्लू शर्मा, मोहित उर्फ संजू और गौतम बुद्ध नगर के रहने वाले नितेश शर्मा को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक, आलाकत्ल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तीनों आरोपी फिलहाल नोएडा में पंचशील कॉलोनी और बादलपुर थाना क्षेत्र के गांव छपरोला में रह रहे थे।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सिद्धार्थ को होटल में रहना पसंद था। करीब तीन साल पहले होटल में उसकी मुलाकात आरोपी बब्लू शर्मा एवं अन्य से हुई, जो होटल में रूम अटेंडेंट का काम करता था। बबलू ने उसे एक होटल में कमरा दिला दिया। सिद्धार्थ के खाते में काफी पैसा था, जिसकी जानकारी बब्लू को हो गई थी। उसने अपने साथी संजू उर्फ मोहित और नितेश शर्मा के साथ मिलकर सिद्धार्थ का पैसा हड़पने की योजना बनाई। इसी बीच सिद्धार्थ ने बब्लू से कहा कि होटल का किराया ज्यादा है कोई सस्ता मकान दिलवा दो।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:घर में पटाखा बनाते समय जोरदार धमाका, बाप-बेटी की मौत,चार पुलिसकर्मी सस्पेंड

बब्लू ने एक मकान किराये पर लिया और 22 सितंबर की रात में उसको शिफ्ट कर दिया। देखभाल के लिए अपने भाई अंकित को वहां छोड़ दिया। बब्लू के भाई अंकित ने उसे फोन कर कहा कि सिद्धार्थ गाली गलौज कर उसे परेशान कर रहा है। 23 सितंबर को बब्लू शर्मा, सन्जू उर्फ मोहित और नितेश बाइक पर आए और सिद्धार्थ को अपने साथ ले गए। जहांगीराबाद-दौलतपुर रोड पर ग्राम लोधई के पास सड़क किनारे खेत में रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर शव वहीं फेंक कर फरार हो गए।

शव की गलत पहचान कर पुलिस को किया था गुमराह

बाद में बब्लू ने पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक की शिनाख्त अपने चाचा ओमकार के रूप में की। पुलिस जांच पता चला कि बब्लू के चाचा ओमकार की मृत्यु तीन साल पूर्व हो चुकी है। इसके बाद बब्लू से पूछताछ करने पर मृतक की शिनाख्त सिद्धार्थ चन्द्रा के रूप में हुई।

हत्या करने के बाद ट्रांसफर कर लिए 5.48 लाख रुपए

हत्या के बाद बब्लू ने सिद्धार्थ का यूपीआई ऐप अपने फोन में चलाकर उसके खाते से 5.48 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिए। एसपी देहात ने बताया कि पुलिस ने घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए जिन-जिन बैंक खातों में पैसा गया हैं उन सभी खातों को फ्रीज करा दिया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ग्रामीणों ने लेखपाल को लात-घूसों से पीटा, डुबोकर जान से मारने की भी कोशिश
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।