घर में पटाखा बनाते समय जोरदार धमाका, बाप-बेटी की मौत, थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
फतेहपुर में सोमवार पटाखा बनाते समय जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में पिता और बेटी की मौत हो गई। जबकि बेटा घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं, एसपी ने थानाध्यक्ष समेत चार को सस्पेंड कर दिया।

उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के कल्याणपुर क्षेत्र में सोमवार दोपहर पटाखा बनाते समय जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में पिता और बेटी की मौत हो गई। जबकि बेटा घायल हो गया। जिसे आनन-फान में अस्पताल ले जाया गया। वहीं, सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। साथ ही एसपी ने थानाध्यक्ष समेत चार को सस्पेंड कर दिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि क्षेत्र के रेवाड़ी के रहने वाले नूर मोहम्मद (50) दीपावली पर्व को लेकर अपने ही घर में पटाखा बना रहा था। इस कार्य में उसकी बेटी तयबा (20) और बेटा शेर भी मदद कर रहे थे। सोमवार दोपहर अचानक नूर मोहम्मद के घर में विस्फोट हुआ। धुएं का गुब्बार थमने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने मौके से तैयबा और नूर मोहम्मद का शव बरामद किया।वहीं बेटे को इलाज के लिए भेजा है।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अनूप कुमार सिंह ने थानाध्यक्ष सहित चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर जांच बैठा दी है। दूसरी और घटना की सूचना पाकर आई जी प्रयागराज रेंज अजय कुमार मिश्रा नगर पहुंचे और घटनाक्रम का जायजा लिया। गौरतलब है कि इसके पूर्व 14 सितंबर को धाता थाना क्षेत्र में पटाखा बनाने के दौरान विस्फोट हुआ था जिसमें एक की मौत हुई थी और 24 सितंबर को हुसैनगज थाना क्षेत्र में हुए विस्फोट में एक की मौत हुई थी।
बिजनौर के पटाखा फैक्ट्री में भी जोरदार धमाका
उधर, बिजनौर के सीकरी भोगपुर गांव में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका हो गया। इससे वहां काम करने वाले मजदूरों में भगदड़ मच गई। धमाका इतना तेज था कि तीन से चार किमी तक आवाज सुनाई दी। धमाके के साथ आग लगने से आधा दर्जन कर्मचारी झुलस गए। जिन्हें तुरंत सीएचसी और निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। सूचना पर तुरंत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।




साइन इन