Four people riding a motorcycle were run over by a dump truck in Bahraich बहराइच में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार चार लोगों को डंपर ने रौंदा; चारों की मौत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बहराइच में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार चार लोगों को डंपर ने रौंदा; चारों की मौत

उत्तर प्रदेश के बहराइच में घने कोहरे के बीच सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ-बहराइच हाईवे पर गिट्टी-मौरंग से लदा एक डंपर अनियंत्रित होकर बाइक पर पलट गया। हादसे में बाइक सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 

Wed, 5 Nov 2025 05:26 PMPawan Kumar Sharma लाइव हिन्दुस्तान, बहराइच
share
बहराइच में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार चार लोगों को डंपर ने रौंदा; चारों की मौत

उत्तर प्रदेश के बहराइच से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। लखनऊ-बहराइच हाईवे पर गिट्टी-मौरंग से लदा एक डंपर अनियंत्रित होकर बाइक सवारों पर पलट गया, जिससे बाइक पर सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला, एक बच्चा और दो पुरुष शामिल हैं। हादसा इतना भीषण था कि चारों काफी देर तक डंपर के नीचे दबे रहे।

घटना सुबह करीब सवा छह बजे फखरपुर थाना क्षेत्र के मदन कोठी चौराहा के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, फखरपुर से बहराइच की ओर जा रहा डंपर घने कोहरे के कारण सामने से आ रही रोडवेज बस को नहीं देख सका। बस से टकराने से बचने के प्रयास में चालक ने पहले डंपर को बाईं ओर और फिर दाईं ओर मोड़ा। इसी दौरान डंपर का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने से आ रही एक बाइक पर चढ़ गया, जिसमें चार लोग सवार थे। इसके बाद डंपर बाइक सवारों को घसीटते हुए खाई में पलट गया।

बाइक सवार चन्द्र किशोर (35), सेनू (28), करन और विक्की की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि रोडवेज बस चालक की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, सभी मृतकों की शिनाख्त हो चुकी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हादसे में एक ही परिवार के पति-पत्नी और बच्चे तीन की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि खैरीघाट इलाके के ललुही निवासी करन अपनी पत्नी रेनू, बच्चे और साले के साथ बाराबंकी के कोटवाधाम मेले में जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गंगा स्नान करने जा रहे युवकों को ट्रक ने रौंदा, तीन भाइयों की मौत
ये भी पढ़ें:मिर्जापुर ट्रेन हादसा: मृतकों के परिजनों को मिलेगा 2-2 लाख का मुआवजा, CM का ऐलान

बनारस जा रही श्रद्धालुओं की बस ट्रक से टकराई, दो दर्जन घायल

उधर, सुलतानपुर में बुधवार सुबह अयोध्या से बनारस जा रही तीर्थयात्रियों की बस सुलतानपुर-दोमुहा मार्ग पर सोनबरसा के पास आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी भदैया में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद करीब दो घंटे बाद यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।