दिल्ली-लखनऊ हाईवे भीषण हादसा, ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी कार, 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत
मुरादाबाद में सोमवार सुबह दिल्ली‑लखनऊ राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक कार ईंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। इस हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई। जबकी एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

यूपी के मुरादाबाद जिले के मूंढापांडे क्षेत्र में सोमवार सुबह दिल्ली‑लखनऊ राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दरअसल, ईंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में एक कार पीछे से जा घुसी। इस हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई। जबकी एक गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब छह बजे मनकरा मोड़ के पास यह हादसा उस समय हुआ जब रामपुर से दिल्ली जा रही एक कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग फंस गए। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूंढापांडे ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतकों में एक की पहचान नैनीताल के पालिवाल, बीमिला कंपाउड के रहने वाले कुमार पाल के बेटे दयाल सिंह रावत के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान हल्द्वानी के रहने वाले चंद्रवाला पांडे के बेटे यशदीप के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक कार में कुल पांच लोग सवार थे, जो उत्तराखंड के नैनीताल-हल्द्वानी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कर दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




साइन इन