VIDEO: अतिक्रमण हटाने के नाम पर कार में भरवाए नारियल, सीसीटीवी ने खोल दी दारोगा की पोल
अमरोहा में अतिक्रमण हटाने के दौरान एक दारोगा की कार्यशैली को लेकर विवाद खड़ा हो गया। दरअसल, जूस विक्रेता ने दारोगा पर बदसलूकी और उसके ठेले से नारियल उठवाकर निजी कार में रखवा कर लेते गए। हालांकि इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

Amroha News: यूपी के अमरोहा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां अतिक्रमण हटाने के दौरान एक दारोगा की कार्यशैली को लेकर विवाद खड़ा हो गया। दरअसल, जूस विक्रेता ने दारोगा पर बदसलूकी और उसके ठेले से नारियल उठवाकर निजी कार में रखवाने का आरोप लगाया है। घटना के विरोध में आक्रोशित व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और कोतवाली पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। मामला सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद तूल पकड़ गया, जिस पर पुलिस अधीक्षक ने आरोपी दारोगा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है। अमरोहा अड्डे पर ठेला लगाकर जूस बेचने वाले सागर ने आरोप लगाया कि कोतवाली में तैनात दारोगा ईशम सिंह अतिक्रमण हटाने के नाम पर पहुंचे और उसके साथ अभद्रता की। विरोध करने पर दारोगा ने कथित रूप से मारपीट भी की। पीड़ित का आरोप है कि दरोगा ने मौके पर मौजूद होमगार्डों से उसके ठेले पर रखे नारियल उठवाकर अपनी निजी कार में रखवा लिए। यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में कथित रूप से ठेले से सामान उठाकर वाहन में रखे जाने का दृश्य दिखाई देने की बात सामने आई है। वीडियो सामने आने के बाद व्यापारियों में रोष फैल गया।
कोतवाली पहुंचे व्यापारी, जताया विरोध
मामले की जानकारी मिलते ही व्यापारी सुरक्षा फोरम के प्रदेश महामंत्री मुकेश गुप्ता और अंकुर अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारी कोतवाली पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। काफी देर तक कोतवाली में गहमागहमी रही। बाद में दरोगा की ओर से सामान वापस कराने का दावा किया गया।
सीओ को सौंपी मामले की जांच
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपी दारोगा ईशम सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच हसनपुर के क्षेत्राधिकारी को सौंपी गई है। कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार तिवारी के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन