Four brothers drowned trying to save each other accident occurred while bathing in Ganges after grandmother funeral एक-दूसरे को बचाने में डूबे चारों भाई; दादी के अंतिम संस्कार के बाद गंगा में स्नान के दौरान हुआ था हादसा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

एक-दूसरे को बचाने में डूबे चारों भाई; दादी के अंतिम संस्कार के बाद गंगा में स्नान के दौरान हुआ था हादसा

मेरठ में गंगा में नहाने के दौरान चार चचेरे भाई एक दूसरे को बचाने में डूब गए। एक दूसरे को बचाने में चारों डूब गए। सभी अपनी दादी के अंतिम संस्कार के लिए यहां पहुंचे थे। अभिषेक और हिमांशु पुत्रगण कमल सिंह तथा दीपांशु व प्रियांशु पुत्रगण सोनू सगे भाई हैं।

Sat, 4 April 2026 01:48 PMsandeep हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान टीम, हस्तिनापुर/दौराला (मेरठ)
share
एक-दूसरे को बचाने में डूबे चारों भाई; दादी के अंतिम संस्कार के बाद गंगा में स्नान के दौरान हुआ था हादसा

मेरठ के मखदुमपुर गंगा घाट पर वृद्धा का अंतिम संस्कार के बाद स्नान के दौरान चार लोग गंगा में डूब गए। इसकी सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। इस दौरान मौके पर नहा रहे प्रदीप ने बताया कि सबसे पहले हिमांशु डूबने लगा लगा तो दीपांशु और प्रदीप उसे बचाने लगे, जब वह भी डूबने लगे तो प्रियांशु तथा अभिषेक भी गंगा में बचाने के लिए दौड़ पड़े, जिसके बाद अभिषेक, हिमांशु, दीपांशु व प्रियांशु डूब गए। एक दूसरे को बचाने में चारों डूब गए। डूबने वाले आपस में चचेरे भाई हैं और भगवती के पौत्र हैं। सभी अपनी दादी के अंतिम संस्कार के लिए यहां पहुंचे थे।

गंगा में डूबे चार चचेरे भाई

अभिषेक और हिमांशु पुत्रगण कमल सिंह तथा दीपांशु व प्रियांशु पुत्रगण सोनू सगे भाई हैं। अभिषेक एलएलबी, हिमांशु 10वीं, दीपांशु 12वीं तथा प्रियांशु कक्षा 10वीं का छात्र है। सोनू और कमल सिंह दोनों सगे भाई हैं। कमल सिंह के चार पुत्र हैं, जिनमें से दो डूब गए हैं। भगवती की शादी पिलखुवा के पास मुखीमपुर गांव में हुई थी। हालांकि उसके कोई भाई न होने के कारण वह जलालपुर में ही अपने पिता के घर रहती थी। उसकी अन्य दो बहनें भगीरथी और राजबीरी का पहले ही देहांत हो चुका है

परिजनों ने गंगा में नहाने से मना किया था

गंगा नदी में डूबे किशोरों और युवक के परिजनों ने एसपी को बताया कि उन्होंने नहाने के लिए मना किया था, लेकिन चारों माने नहीं। अगर उनकी बातें वह मान लेते तो आज ये दिन नहीं देखना पड़ा। इसके बाद परिजन फफक पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों परिवारों को ढांढस बंधाया। एसएसपी ने पीएसी के गोताखारों की कंपनी की ब्रीफिंग की तथा उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दाह संस्कार करने के बाद स्नान के दौरान दो लोग गंगा में डूबे, एक की मिली लाश
ये भी पढ़ें:कार्तिक पूर्णिमा पर नहाने गए दो भाई सेल्फी लेते हुए गंगा में डूबे, एक बचाया

दादी के अंतिम संस्कार में पहुंचे थे

आपको बता दें मखदूमपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को थाना इंचौली के जलालपुर गांव से वृद्धा का अंतिम संस्कार करने आए तीन किशोर समेत चार लोग गंगा नदी में डूब गए। सूचना मिलते ही एसएसपी, एडीएम वित्त समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। देर शाम तक सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन डूबने वालों को पता नहीं चला। थाना इंचौली क्षेत्र के जलालपुर गांव के कमल सिंह और सोनू के साथ अमन, कुलदीप, प्रदीप, लव कुश, आकाश, फकीरचंद, हरवीर, महेंद्र, मंजू, नरेश पाल, राकेश, जोगिंदर, रामकिशन, वंश, हरिकिशन, मुकेश, कृष्णपाल, रोहतास शुक्रवार को दोपहर लगभग एक बजे 100 वर्षीय भगवती पत्नी मोतीराम का अंतिम संस्कार करने के लिए मखदूमपुर गंगा घाट पर आए थे।

अंतिम संस्कार करने के पश्चात परिवार के सदस्य और साथी स्नान करने लगे। गहरा पानी होने के चलते अभिषेक (22 वर्ष), हिमांशु (17 वर्ष), दीपांशु (17 वर्ष) व प्रियांशु (15 वर्ष) गंगा नदी में समा गए, जबकि उनका साथी प्रदीप बड़ी मुश्किल से बच पाया।

रेस्क्यू में बरामद नहीं हुए शव

सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर बचाव कार्य में जुट गए। हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीएम मवाना संतोष कुमार सिंह, सीओ मवाना पंकज लवानिया और तहसीलदार निरंकार सिंह घाट पर पहुंच गए। मोटर बोट और स्थानीय गोताखोरों के साथ सर्च अभियान शुरू कराया, लेकिन देर शाम तक डूबने वालों का पता नहीं चल सका। एसएसपी अविनाश पांडे और एडीएम एफ सूर्यकांत त्रिपाठी ने गंगा किनारे लाइटें लगवाकर सर्च अभियान चलावाया, परंतु कामयाबी नहीं मिली। पीएसी भी गंगा घाट पर पहुंच गई है। डूबने वाले आपस में चचेरे भाई हैं और भगवती के पौत्र हैं। सभी दादी के अंतिम संस्कार के लिए यहां पहुंचे थे। घटना की सूचना के बाद से गांव में कोहराम मचा हुआ है

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।