दिल्ली ब्लास्ट में यूपी के 5 लोगों की मौत, मेरठ, शामली, अमरोहा के बाद श्रावस्ती पहुंची बुरी खबर
Delhi blast: दिल्ली ब्लास्ट में अब तक यूपी के 5 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। मेरठ, शामली, अमरोहा के बाद अब श्रावस्ती बुरी खबर पहुंची है। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मचा है।

दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम हुए धमाके ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। इस धमाके का असर उत्तर प्रदेश पर भी पड़ा है। मिल रही जानकारी के मुताबिक मरने वालों में पांच यूपी के ही रहने वाले हैं। अमरोहा, मेरठ, शामली और श्रावस्ती से बुरी खबर आई है। ब्लास्ट में अमरोहा के दो दोस्तों लोकेश अग्रवाल और अशोक कुमार की मौत हो गई। 52 वर्षीय लोकेश अग्रवाल हसनपुर के रहरा अड्डे के हैं। वह कल दिल्ली अपने बीमार रिश्तेदार को देखने अस्पताल गए थे। हादसे के दिन लोकेश ने अशोक को फोन कर मेट्रो स्टेशन बुलाया. इसी दौरान हुए धमाके में दोनों बुरी तरह घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

वहीं मेरठ के लोहिया नगर, न्यू इस्लामनगर निवासी मोहसिन की दर्दनाक मौत हो गई। 12 साल पहले शादी हुई मोहसिन दो साल पहले परिवार के साथ मेरठ से दिल्ली शिफ्ट हुए थे। शामली के झिंझाने कस्बा निवासी नोमान की दर्दनाक मौत हो गई।
श्रावस्ती के दिनेश की मौत के बाद असहाय हुए तीन बच्चे
उधर, श्रावस्ती जिले के गनेशपुर गांव निवासी 32 वर्षीय दिनेश कुमार की दिल्ली में हुए विस्फोट में मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुई। दिनेश अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए दिल्ली में कमाते था। दिनेश दिल्ली में एक प्रिंटिंग प्रेस की दुकान पर नौकरी करते थे। वे दीवाली मनाने घर आए थे और 10-12 दिन पहले ही दिल्ली वापस लौटे थे। फिलहाल, घर के बाहर भारी संख्या में ग्रामीण जुटे हुए हैं। पिता ने बताया कि शव को गांव लाया जा रहा है। दिनेश का करीब 10 साल पहले रीना देवी से विवाह हुआ था। उनके तीन छोटे बच्चे - हिमांशु (8), बिट्टा (7) और सृष्टि (4) हैं। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दिनेश के घर पर कोहराम मच गया है। परिजनों के अनुसार, वह मेहनती और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी।

'घर से 10 दिन पहले गए थे दिल्ली'
पत्नी रीना देवी ने बताया कि पति पिछले 10-12 साल से दिल्ली में रहते थे और वहीं प्रिंटिंग प्रेस में काम करते थे। वह करीब 10 दिन पहले ही घर से वापस दिल्ली गए थे। उनके तीन छोटे बच्चे हैं, और अब घर में कोई कमाने वाला नहीं बचा।
टीवी से मिली धमाके की जानकारी
दिनेश के पिता भूरे ने बताया कि उन्हें टीवी पर दिल्ली में बम विस्फोट की खबर मिली। उन्होंने तुरंत बड़े बेटे को फोन कर जानकारी लेने को कहा। उनके तीनों बेटे दिल्ली में ही रहते हैं। उन्होंने बताया, "जब दिनेश का फोन मिलाने की कोशिश की तो वह स्विच ऑफ बता रहा था। बाद में खबर मिली कि विस्फोट में मरने वालों में मेरा बेटा दिनेश भी शामिल था।




साइन इन