Fire Rains from the Sky UP Heatwave Alert Issued for Over 40 Districts Relief from Heat Expected on 27 April यूपी में गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर, इस दिन होगी बारिश, मौसम विभाग का अलर्ट, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर, इस दिन होगी बारिश, मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन से चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने के बाद हल्की गिरावट संभव है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि के संकेत हैं।

Sat, 25 April 2026 05:16 PMDinesh Rathour लखनऊ, वार्ता
share
यूपी में गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर, इस दिन होगी बारिश, मौसम विभाग का अलर्ट

UP Weather: यूपी में इन दिनों आसमान से आग बरस रही है। एक तो भीषण गर्मी और ऊपर से लू का प्रकोप जारी है। गर्मी के चलते 10 बजे के बाद से सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है। भीषण गर्मी के बीच अब राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 25 अप्रैल को मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि दिन के समय कई स्थानों पर उष्ण लहर (लू) चलने और कुछ स्थानों पर उष्ण रात्रि की स्थिति बनी रह सकती है। 27 अप्रैल को गर्मी से फौरी राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग द्वारा शनिवार को जारी हीट वेव बुलेटिन में कानपुर नगर, कानपुर देहात, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, झांसी, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, अयोध्या, प्रतापगढ़, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, मिर्जापुर, सोनभद्र, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बहराइच, सीतापुर, हरदोई, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, हाथरस और एटा समेत अनेक जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। राजधानी लखनऊ, कानपुर नगर, प्रयागराज, वाराणसी और बुंदेलखंड क्षेत्र के जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने की संभावना है, जबकि आगरा, मथुरा, इटावा, फिरोजाबाद और अलीगढ़ मंडल में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:काठमांडू में खराब मौसम के चलते तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें लखनऊ डायवर्ट

पश्चिम में परेशान कर सकती हैं तेज हवाएं

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़ और गौतमबुद्ध नगर में भी तेज गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन से चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने के बाद हल्की गिरावट संभव है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि के संकेत हैं। 27 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने के आसार हैं।

कहीं-कहीं होगी हल्की बारिश

मौसम विभाग के अनुसार कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा और बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि 29 और 30 अप्रैल को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 11 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती वस्त्र पहनने तथा बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। किसानों को गन्ना, ग्रीष्मकालीन मक्का, दलहन और सब्जियों की सिंचाई नियमित रूप से जारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP Weather: आज यूपी में सताएगी धूप-गर्मी और लू, हीटवेव के बीच IMD का येलो अलर्ट
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।