शादी में डीजे ने कराया बवाल, मनपसंद गाना न बजाने पर चल गई गोलियां, चपेट में आया दुल्हन का ममेरा भाई
एटा में डीजे पर मनपसंद का गाना बजवाने को लेकर बराती और घराती आपस में भिड़ गए। झगड़े के बाद बराती हथियार लेकर आए और साथियों संग मिलकर फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान गोली लगने से दुल्हन का ममेरा भाई गंभीर रुप से घायल हो गया।

Etah News: एटा में डीजे पर मनपसंद का गाना बजवाने को लेकर बराती और घराती आपस में भिड़ गए। झगड़े के बाद बराती हथियार लेकर आए और साथियों संग मिलकर फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान गोली लगने से दुल्हन का ममेरा भाई गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालात गंभीर देख अलीगढ़ कर दिया। घटना के बाद बरात लौट गई। दुल्हन पक्ष ने शादी करने से इंकार कर दिया। मामले में घायल के मामा ने चार आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है।
थाना मारहरा के गांव नगला भीम निवासी चरन सिंह की बेटी अनीता की शादी कासगंज के सोरों गेट के सांई कालोनी हिमांशु के साथ तय हुई थी। बुधवार को गांव में बरात आई हुई थी। बरात के लिए गांव के बाहर टेंट लगाया गया था। रात में बारात चढ़ने के लिए निकली थी। एक तरफ बरात चढ़ रही थी वही दूसरी तरफ कुछ बराती नाचते डीजे पर पहुंच गए। डीजे पर पहले से घराती नाच रहे थे। बताया जा रहा है कि डीजे पर मनपसंद गाना बजवाने के लिए बराती आरोपी पंकज निवासी कासगंज, दुल्हन के ममेरे भाई आकाश निवासी साढूपुरा निधौलीकलां के साथ कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद मामला मारपीट में बदल गया। एकत्रित लोगों ने दोनों पक्ष को हटा दिया।
गोली चलने से मचा हड़कंप
आरोप है कि पंकज बरात से चला गया और करीब 15 मिनट बाद साथियों संग आया। फायरिंग शुरु कर दी। फायरिंग के दौरान गोली आकाश के सीने में जा लगी। इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। गोली लगने के बाद शादी समारोह में हड़कंप मच गया और इधर से उधर भागने लगे। घायल युवक का परिवारीजन अलीगढ़ ले गए। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। मामले में घायल के मामा महेश निवासी नगला भीम ने आरोपी पंकज, सल्लू, गणेश, विष्णु के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना के बाद दुल्हन पक्ष ने शादी करने से मना कर दिया। रात में कई बार शादी करने की बात कहीं गई, लेकिन दुल्हन पक्ष शादी करने के लिए किसी भी हालात में तैयार नहीं हुआ। ऐसे में बरात वापस लौट गई। जानकारी मिलते ही मारहरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपी पंकज, विष्णु को पकड़ लिया है।
सभी आरोपी दूल्हा के दोस्त बताएं जा रहे
पुलिस जांच में सामने आया है कि गोली मारने वाले सभी आरोपी दूल्हा के रिश्तेदार नहीं थे। सभी आरोपी दूल्हे के दोस्त बताएं जा रहे है। घटना के बाद दो आरोपी फरार है। इनकी तलाश में दविश दी जा रही है। दो आरोपियों को पकड़ लिया गया है।
दूल्हा, पिता को पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना के बाद गुस्साएं लोगों ने दूल्हा और उसके पिता को पकड़ बैठा लिया। इसके अलावा कई और लोगों को भी बंधक बना लिया था। जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने इन लोगों को थाना पर पहुंचवाया। हालांकि उनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं थी।




साइन इन