तुम्हारी बीवी को सब बता दूंगी; ब्लैकमेलिंग और पैसों की डिमांड से तंग आकर प्रेमी ने प्रेमिका को मार डाला
मेरठ में मुस्कान हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी रजनीश उर्फ गब्बर ने महिला द्वारा रुपये मांगने और पत्नी को संबंधों की जानकारी देने की धमकी से परेशान होकर दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है।

मेरठ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुस्कान हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी रजनीश उर्फ गब्बर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि मुस्कान और आरोपी के बीच लंबे समय से संबंध थे। महिला द्वारा लगातार रुपये मांगने और संबंधों की जानकारी पत्नी को देने की धमकी से आरोपी परेशान था। इसी तनाव के बीच आरोपी ने मुस्कान का दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी और शव को श्मशान घाट में छोड़कर फरार हो गया।
श्मशान घाट में मिला था महिला का शव
गुरुवार सुबह पुट्ठा रोड स्थित श्मशान घाट में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। परतापुर पुलिस, फोरेंसिक टीम और अधिकारियों ने साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मृतका की पहचान मुस्कान (25 वर्ष) पुत्री मोहम्मद इंसुल, मूल निवासी पूर्णिया (बिहार) व हाल निवासी माधवपुरम खत्ता रोड, थाना ब्रह्मपुरी के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन मुस्कान और रजनीश उर्फ गब्बर अपने परिचित राहुल कटारिया के घर पहुंचे थे। वहां खाना खाने और शराब पीने के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया।
गला दबाकर प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या की
आरोप है कि इसी दौरान माहौल बिगड़ने के बाद आरोपी मुस्कान को अपने साथ मोपेड पर बैठाकर पुट्ठा रोड की ओर ले गया। रास्ते में दोनों ने दोबारा शराब पी। नशे की हालत में कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने मुस्कान के दुपट्टे से उसका गला दबा दिया और शव श्मशान घाट में छोड़कर फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
200 सीसीटीवी की मदद से दबोचा आरोप
हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस ने छह टीमों का गठन किया था। करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। सर्विलांस और यक्ष एप के माध्यम से आरोपी की लोकेशन का विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोपेड और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।
आरोपी का मोबाइल फोन बना सबसे बड़ा सुराग
घटनास्थल से बरामद मोबाइल फोन ने पूरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। मोबाइल की जांच करते हुए पुलिस एक युवती निशा के घर पहुंची। निशा ने बताया कि उसने यह फोन एक छोटे सिलेंडर के बदले मुस्कान को दिया था। पहचान के बाद पुलिस परिजनों के घर पहुंची और वहां से जांच की दिशा आगे बढ़ी। जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। फिलहाल इस हत्याकांड की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।




साइन इन