आगरा मे मनचलों का खौफ; लड़की समेत परिवार ने घर छोड़ा; BCA छात्रा का AI से अश्लील फोटो बनाकर वायरल
आगरा में मनचले की धमकियों से डरकर एक परिवार घर छोड़कर छिपने को मजबूर हो गया। पीड़िता ने सोशल मीडिया पर पुलिस से मदद मांगी है, जबकि पुलिस जांच की बात कह रही है। वहीं एत्मादुद्दौला में छात्रा को एआई से अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

आगरा में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े दो अलग-अलग मामलों ने सनसनी फैला दी है। पहला मामला थाना सदर क्षेत्र का है, जहां मनचले की हरकतों और धमकियों से परेशान होकर एक परिवार को अपना घर छोड़कर छिपने के लिए मजबूर होना पड़ा। पीड़िता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो पोस्ट कर पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। युवती ने आरोप लगाया कि क्षेत्र का विशाल नामक युवक उससे एकतरफा प्रेम करता है और लंबे समय से उसका पीछा कर रहा है। शुरुआत में आरोपी रास्ते में रोककर छेड़छाड़ करता था। विरोध करने पर उसने पीड़िता के भाई को गोली मारने, युवती पर तेजाब डालने और खुद आत्महत्या करने जैसी गंभीर धमकियां दीं।
पीड़िता के अनुसार 31 जनवरी को आरोपी अपने माता-पिता और भाई के साथ उनके घर में जबरन घुस आया। इस दौरान आरोपी के भाई ने उन्हें जमीन पर गिराकर थप्पड़ मारे और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। लगातार मिल रही धमकियों के कारण पूरा परिवार दहशत में है और अपनी सुरक्षा के लिए घर छोड़कर छिपकर रहने को मजबूर है।
युवती का कहना है कि आरोपी उनके रिश्तेदारों के यहां भी जाकर उन्हें तलाश रहा है, जिससे भय का माहौल बना हुआ है। वहीं थाना सदर इंस्पेक्टर विजय विक्रम ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस जांच में जुटी है, हालांकि अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
दूसरा मामला थाना एत्मादुद्दौला क्षेत्र का है, जहां बीसीए की छात्रा को सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती के जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने का आरोप सामने आया है। पीड़िता के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी रिषभ सिकरवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बताया गया कि आरोपी पहले उनके मकान के पास किराए पर रहता था और उसने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर छात्रा के फोटो हासिल कर लिए।
जिसके बाद में एआई तकनीक से आपत्तिजनक फोटो तैयार कर उसे वायरल करने की धमकी देने लगा। आरोप है कि ब्लैकमेल कर आरोपी ने करीब पांच हजार रुपये भी ऐंठ लिए। जब युवती ने उसकी बात मानने से इंकार किया तो आरोपी ने कथित तौर पर अश्लील फोटो और वीडियो परिचितों व रिश्तेदारों को भेज दिए, जिससे छात्रा मानसिक तनाव में आ गई और उसने कॉलेज जाना भी छोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




साइन इन