आई लाइक यू...मनचले की शिकायत करने गई महिला यूट्यूबर के पीछे पड़ा सिपाही, मुकदमा दर्ज
हमे जब किसी तरह की परेशानी होती है तो हम पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हैं, लेकिन जब पुलिसकर्मी ही अपराधी बन जाए तो लोग कहां जाएंगे? यूपी के बुलंदशहर से एक ऐसा ही मामला सामने आया है।

हमे जब किसी तरह की परेशानी होती है तो हम पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हैं, लेकिन जब पुलिसकर्मी ही अपराधी बन जाए तो लोग कहां जाएंगे? यूपी के बुलंदशहर से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां एक महिला यूट्यूबर मनचले से काफी समय से परेशान चल रही थी। महिला जब मनचले की शिकायत करने के लिए कोतवाली पहुंची तो यहां उसकी शिकायत का समाधान तो हुआ नहीं, उल्टा हेड कांस्टेबल उसी के पीछे पड़ गया। आधी रात को कॉल और मैसेज करके परेशान करने लगा। सिपाही यूट्यूबर से अकेले में मिलकर संबंध बनाने का भी दबाव डाल रहा है। रात में उसे आई लाइक यू के मैसेज भी करता है। एसएसपी के आदेश मनचले और आरोपी हेड कांस्टेबल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसएसपी ने आरोपी हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है।
शुक्रवार दोपहर को नगर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी पीड़िता युवती अपने परिजनों के साथ पुलिस कार्यालय पहुंची। यहां पीड़िता ने एसएसपी से मिलकर बताया कि वह सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम प्लेटफार्म पर डांस के वीडियो बनाती है। पीड़िता का आरोप है कि एक युवक मोहम्मद फैज ने उसकी वीडियो को कॉपी कर पोस्ट किया और उस पर गाली-गलौच भी की। पीड़िता के अनुसार युवक की हरकतों से परेशान होकर वह बीते दिनों नगर कोतवाली पहुंची थी। नगर कोतवाली में एक हेड कांस्टेबल कुलदीप भाटी को उसकी शिकायत की जांच कर कार्रवाई के लिए कहा गया। पीड़िता का आरोप है कि हेड कांस्टेबल ही उसके पीछे पड़ गया।
शारीरिक संबंध बनाने का बनाया दबाव
आरोप है कि हेड कांस्टेबल ने पीड़िता को इंस्टाग्राम पर मैसेज और कॉल कर उससे मिलने और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। रात में आई लाइक यू के मैसेज भेजता है। पीड़िता ने बताया कि हेड कांस्टेबल की हरकतों से परेशान होकर वह आत्महत्या करने को मजबूर है। उसने विरोध किया तो हेड कांस्टेबल ने आरोपी युवक के परिजनों को उसके घर भेज दिया, जो उसे हत्या की धमकी देकर गए हैं। एसएसपी ने पीड़िता की शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद आरोपी मनचले फैज और पुलिसकर्मी कुलदीप भाटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया, मामले में प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी हेड कांस्टेबल कुलदीप भाटी को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में गहन जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।




साइन इन