father arrested for murder he loved his twin daughters deeply kanpur double murder mystery still unsolved जुड़वा बेटियों पर जान छिड़कता था कत्ल के आरोप में गिरफ्तार पिता, हत्या की गुत्थी अब भी उलझी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

जुड़वा बेटियों पर जान छिड़कता था कत्ल के आरोप में गिरफ्तार पिता, हत्या की गुत्थी अब भी उलझी

अपार्टमेंट के लोगों के साथ ही गार्ड तक ने जो बातें बताईं हैं वो चौंकाने वाली हैं। लोगों का कहना है कि शशिरंजन अपनी जुड़वा बेटियों पर जान छिड़कता था। उसने उनका कत्ल कैसे कर दिया यह किसी की समझ में नहीं आ रहा है। उसने अपनी बेटियों को इस तरह पाला जैसे मां ख्याल रखा करती है। 

Wed, 22 April 2026 09:20 AMAjay Singh संवाददाता, कानपुर दक्षिण
share
जुड़वा बेटियों पर जान छिड़कता था कत्ल के आरोप में गिरफ्तार पिता, हत्या की गुत्थी अब भी उलझी

UP Crime News : उत्तर प्रदेश के कानपुर के किदवई नगर के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में बेरहम पिता के हाथों मासूम बेटियों के कत्ल की गुत्थी अभी भी उलझी हुई है। हकीकत यह है कि 11 साल की जिन बेटियों की शशिरंजन ने बेरहमी से हत्या की वो उसकी लाडली थीं। जुड़वा बेटियों ऋद्धि और सिद्धि की जान लेने से पहले तक वह उन पर जान छिड़कता रहा। उनका ख्याल रखता रहा। अपार्टमेंट में रहने वाले किसी व्यक्ति को अब भी इस बात का विश्वास नहीं कि उसने अपनी प्यारी बेटियों को यूं मारा होगा।

अपार्टमेंट के लोगों के साथ ही गार्ड तक ने जो बातें बताईं हैं वो चौंकाने वाली हैं। इनका कहना है कि जब शशिरंजन को छोड़कर उसकी पत्नी रेशमा मायके चली गई थी तो उसने बेटियों को इस तरह पाला जैसे मां ख्याल रखा करती है। वह रोजाना बेटियों को तैयार कराता था, स्कूल छोड़ने जाता था और उनके स्कूल से वापस आने से पहले ही अपने काम से लौट आता था। उसे इस बात की चिंता रहती थी कि ऋद्धि और सिद्धि कहीं अकेली न रह जाएं। कहीं कोई बात न हो जाए। जब तक वह घर पर रहती थीं कहीं नहीं जाता था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में फिर एनकाउंटर, एक महीने पहले हुई लूट के आरोपी को मुठभेड़ में लगी गोली

सीसीटीवी कैमरे में दिखा बेटियों से प्यार

शशिरंजन मिश्रा उर्फ मनोज उर्फ रिंकू का बेटियों से प्यार सिर्फ बयानों में ही नहीं हकीकत में भी नजर आता है। सीसीटीवी कैमरे में भी वह बेटियों के साथ हंसते-खेलते, खिलखिलाते और दुलराते दिख रहा है। यहां तक कि जिस रात उसने रिद्धि और सिद्धि का कत्ल किया उस रात भी बेटियों के प्रति जिम्मेदारी का एक फर्ज कैमरे में कैद हो गया। रात में सो रही बेटी उठती है और टॉयलेट जाने के लिए कहती है तो वह उसे लेकर बाथरूम तक जाता दिख रहा है। जब तक बेटी बाथरूम से बाहर नहीं आती, वहीं खड़ा रहता है। फिर उसे लेकर कमरे तक पहुंचता है।

ऐसी ही कुछ बातों ने अपार्टमेंट के लोगों को भी उलझा रखा है। उनके इस सवाल का जवाब अभी तक पुलिस नहीं दे सकी है कि जब वह इतना प्यार बेटियों से करता था तो अचानक ही उनकी हत्या क्यों कर दी? पुलिस को बस इस बात से मतलब है कि हत्यारोपित जेल में है और खुद अपना गुनाह कबूल कर चुका है।

चापड़ ही नहीं हथौड़ा भी बाजार से खरीदा

शशिरंजन ने न सिर्फ चापड़ बल्कि हथौड़ा भी बाजार से खरीदा था। कत्ल से कुछ दिन पहले उसने यह खरीददारी की थी और घर में ही लाकर छिपा कर रख दिया था। यही उसने पुलिस को दिए गए बयान में कहा है। अपार्टमेंट में रहने वालों को उसका एक और बयान उलझाने वाला है जिसमें उसने कहा था कि उसे भरोसा नहीं था कि पत्नी बेटियों का ख्याल रख पाएगी उसके न रहने पर बेटियों का क्या होगा इसलिए मार दिया। हालांकि पुलिस अफसरों की दलील है कि वह मानसिक रूप से बीमार था और नशे का लती था। मानसिक स्थिति सही न होने पर ही उसने ऐसा किया। उस पर सनक सवार था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी के इस जिले की 350 सड़कों पर ईरान युद्ध के तनाव का ग्रहण, ऐसे पड़ रही बाधा
ये भी पढ़ें:UP : इस जिले में भोर में चले बुलडोजर, चौड़ीकरण की जद में आईं 2 दरगाहें हटाई गईं
ये भी पढ़ें:नौकरीपेशा हैं तो नहीं लेनी होगी छुट्टी, UP के 9 शहरों में संडे को भी रजिस्ट्री

तो फर्जी है नशीली गोलियां खिलाने की बात

फुटेज में शशिरंजन दो बजकर 15 मिनट पर बेटी रिद्धि को टॉयलेट कराने के लिए बाहर निकलता है। इस दौरान रिद्धि स्वयं चलकर जाती है। रिद्धि टॉयलेट में जाती है तो शशिरंजन बाहर खड़ा रहता है, तीन मिनट बाद वापस कमरे में जाता है। बेटी को देख कर नहीं लगता कि उसे पहले नशीली गोलियां खिलाई गई हैं। थाना नौबस्ता के इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने भी बताया कि सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से ऐसा प्रतीत नहीं हो रहा है। अब बिसरा रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

टीचर बोलीं, रिद्धि-सिद्धि का पूरा रहता था होमवर्क

त्रिमूर्ति अपार्टमेंट के सामने स्थित जिस स्कूल में जुड़वां बहनें रिद्धि-सिद्धि पढ़ती थीं, वहां की क्लास टीचर ने बताया कि दोनों पढ़ने में तेज थीं। साथ ही खेल की सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेती थीं। कभी ऐसा नहीं हुआ कि दोनों अपना होमवर्क पूरा न करके स्कूल आई हों। उस दौरान भी ऐसा नहीं हुआ जब मां रेशमा छेत्री उन्हें छोड़कर मायके चली गई थी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।