भीषण गर्मी से बचाव को स्कूलों में हीट-वेव एक्शन प्लान लागू
Fatehpur News - फतेहपुर में बढ़ती गर्मी के मद्देनजर बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय विद्यालयों में हीट-वेव से बचाव के लिए कार्ययोजना लागू की है। सभी विद्यालयों में शुद्ध पेयजल, ओआरएस और इलेक्ट्रोल पाउडर की व्यवस्था की जाएगी। छात्रों को समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित किया जाएगा और आउटडोर गतिविधियों से बचने के निर्देश हैं।

फतेहपुर, संवाददाता। बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी परिषदीय विद्यालयों में हीट-वेव से बचाव के लिए कार्ययोजना लागू कर दी है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी किए हैं, जिससे छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। निर्देशों में विद्यालयों में शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करना अनिवार्य किया गया है। यदि किसी विद्यालय में पेयजल की व्यवस्था बाधित है तो तत्काल वैकल्पिक स्रोत से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही बच्चों को समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करने और इसके महत्व के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यालयों में ओआरएस घोल और इलेक्ट्रोल पाउडर के पैकेट उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे जरूरत पड़ने पर बच्चों को तत्काल राहत मिल सके। इसके अलावा छात्रों को घर से पानी की बोतल लाने के लिए प्रेरित किया जाएगा और अभिभावकों को भी इस संबंध में जागरूक किया जाएगा। बीएसए ने बताया कि तेज गर्मी के दौरान बच्चों से आउटडोर खेलकूद गतिविधियां न कराई जाएं। जिन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास या डिजिटल संसाधन उपलब्ध हैं, वहां लू से बचाव संबंधी वीडियो दिखाकर बच्चों को जागरूक किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भारती त्रिपाठी ने कहा कि अगर किसी बच्चे में लू के लक्षण दिखाई दें तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाए। विभाग ने सभी विद्यालयों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन