बिजली, शिक्षा, व स्वास्थ्य संबंधी समस्या पर किसान आंदोलित
Farrukhabad-kannauj News - कायमगंज के भारतीय किसान यूनियन (धरती पुत्र) ने जिला अधिकारी को पत्र भेजकर विभिन्न समस्याओं का समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। संगठन ने स्कूलों में महंगी पाठ्य पुस्तकों, पानी की आपूर्ति, बिजली की समस्याओं और अन्य मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की।

कायमगंज, संवाददाता। भारतीय किसान यूनियन (धरती पुत्र) के पदाधिकारियों ने मंगलवार को अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला अधिकारी को पत्र भेजा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। मांग पत्र में आरोप लगाया गया कि डीआईओएस फर्रुखाबाद के आदेश के बावजूद स्कूलों की जांच नहीं की जा रही है और विद्यालयों में महंगी व अनधिकृत पाठ्य पुस्तकों का संचालन जारी है। ऐसे स्कूलों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही आवासीय भूखंडों पर संचालित विद्यालयों की जांच कराने की बात कही गई। नगर क्षेत्र की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कस्बा में फुटपाथों पर अतिक्रमण हटवाने, नगर पालिका द्वारा दूषित जल आपूर्ति रोककर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्वास्थ सेवाएं बेहतर की जाए। किसानों ने बिजली व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई गई। कहा गया कि कायमगंज में बिजली आपूर्ति का कोई निश्चित समय नहीं है, रोस्टर के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा आगरा से आई कथित नकली दवाओं की जांच, खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने, खटीक समाज के जाति प्रमाण पत्र बनवाने, आलू पर मंडी शुल्क समाप्त करने तथा शमशाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 15040 व 15041 के ठहराव की मांग भी उठाई गई। मांग पत्र में कहा गया कि यदि समस्याओं का शीघ्र निस्तारण नहीं हुआ तो संगठन व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस दौरान प्रदेश सचिव मुन्नालाल सक्सेना, जिला अध्यक्ष रामलाल गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष रामवीर जाटव, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष बिंदु सिंह गंगवार, प्रताप सिंह गंगवार, गोपाल तिवारी, विनीत कुमार सक्सेना, मंजेश यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन