धर्म परिवर्तन पर परिवार ने पति-पत्नी को पहनाई जूतों की माला, घर से भी किया बेदखल
हाथरस में युवक द्वारा धर्म परिवर्तन किए जाने पर सोमवार को पंचायत में माता-पिता के कहने पर युवक व उसकी पत्नी के गले में जूते की माला पहना दी। यहां तक कि पति-पत्नी को बेदखल कर दिया। वहीं रिश्तेदारों ने भी संबंध तोड़ दिए।

UP N यूपी के हाथरस से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां युवक द्वारा धर्म परिवर्तन किए जाने पर सोमवार को पंचायत में माता-पिता के कहने पर युवक व उसकी पत्नी के गले में जूते की माला पहना दी थी। इस मामले में यह बात भी सामने आई है कि माता-पिता ने पति-पत्नी को बेदखल कर दिया। वहीं रिश्तेदारों ने भी संबंध तोड़ दिए। मामला मुरसान कोतवाली पहुंचा तो पुलिस ने छोटे भाई का शांतिभंग में चालान कर दिया।
गांव गारवगढ़ी का एक युवक ढोल बजाने और मेले में झूले लगाने का काम करता है। परिवार के लोगों की मानें तो कुछ समय पहले उसने हिन्दू धर्म को छोड़कर दूसरा धर्म अपना लिया। यह मामला कई महीने से चल रहा था। माता-पिता और भाई बहन ने दंपति को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने धर्म में वापस आने को तैयार नहीं हो रहा था। लिहाजा सोमवार को गांव में माता-पिता ने पंचायत बुलाई, जिसमें समाज के लोगों के अलावा रिश्तेदारों को बुलाया गया। पंचायत में पति-पत्नी को बुलाकर उनसे बातचीत की गई, लेकिन उन्होंने किसी की भी बात मानने से इनकार कर दिया। इस पर माता-पिता के कहने पर छोटे भाई और उसकी पत्नी ने दंपति के गले में जूते की माला पहना दी। इतना ही नहीं माता-पिता ने उसे परिवार से बेदखल कर दिया।
इस दौरान पंचायत में आए रिश्तेदारों ने भी सारे नाते रिश्ते तोड़ दिए। परिवार के लोगों ने ऐलान किया कि उनके बड़े पुत्र से कोई संबंध नहीं रखेगा और न कोई रिश्तेदार उन्हें अपने घर बुलाएगा। इस पूरे घटनाक्रम की किसी ने वीडियो बना ली। उस वीडियो को सोशल मीडिया पर डाल दिया। उसके बाद पुलिस हरकत में आई तो पिता और भाई को हिरासत में ले लिया। सुबह पति-पत्नी दोनों थाने पहुंच गए। पुलिस ने छोटे भाई का शांतिभंग में चालान कर दिया।
गांव में परिवार से अलग रहे पति-पत्नी
परिवार से बेदखल होने के बाद पति-पत्नी अपने एक बेटे के साथ गांव में ही रह रहे हैं। दंपति का कहना है कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है। वह अकेले गांव में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। उन्हें किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करानी है।
परेशान होकर उठाया कदम
छोटे भाई का कहना है कि पूरा परिवार बड़े भाई और उसकी पत्नी को समझा रहा था, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं है। जबकि घर में सदियों से भगवान श्रीराम, हनुमान पूजा होती आ रही है। वह न जाने किस लालच में फंसकर धर्म परिर्वतन कर आया है। उसे खूब समझाया कि वह अपने ही हिन्दू धर्म में रहे, लेकिन जब वह नहीं माना तो उसके साथ यह सब करना पड़ा है। छोटे भाई ने कहा कि सोमवार को हुई पंचायत में पूर्व प्रधान शामिल थे। कई रिश्तेदार आये थे। बड़े भाई से उनके कोई संबंध नहीं है। रिश्तेदारों ने भी नाते रिश्ते तोड़ लिए है। इस मामले इंस्पेक्टर वीपी गिरि ने बताया कि युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है। किसी ने कोई तहरीर नहीं है। उनके परिवार का आपस का विवाद था। किसी को जूते की माला पहनाकर गांव में नहीं घुमाया है।




साइन इन