even after being shot property dealer leader rajkumar kept running to save himself killers took his life like a butcher गोली लगने पर भी 100 मीटर तक भागे राजकुमार, बदमाशों ने पीछा कर कसाई की तरह ली जान, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

गोली लगने पर भी 100 मीटर तक भागे राजकुमार, बदमाशों ने पीछा कर कसाई की तरह ली जान

बदमाशों ने पहले गोली मारी और फिर चाकू से वार कर जान ले ली। यह वारदात उनके घर से करीब 400 मीटर दूर खाली मैदान में सुबह साढ़े पांच बजे हुई। गोली लगने के बाद भी वह करीब 100 मीटर तक आबादी की ओर भागे, लेकिन गिर पड़े। बदमाशों ने पीछा कर दोबारा गोली मारी। चाकू से चेहरे और सीने पर वार कर हत्या कर दी।

Tue, 17 March 2026 07:44 PMAjay Singh वरिष्ठ संवाददाता, गोरखपुर
share
गोली लगने पर भी 100 मीटर तक भागे राजकुमार, बदमाशों ने पीछा कर कसाई की तरह ली जान

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मंगलवार की सुबह टहलने निकले प्रॉपर्टी डीलर और चौहान समाज के नेता राजकुमार चौहान (उम्र 40 वर्ष) की बदमाशों ने हत्या कर दी। बदमाशों ने पहले गोली मारी और फिर चाकू से वार कर जान ली। यह सनसनीखेज वारदात उनके घर से करीब 400 मीटर दूर खाली मैदान में सुबह साढ़े पांच बजे हुई। गोली लगने के बाद भी वह करीब 100 मीटर तक आबादी की ओर भागे, लेकिन आगे जाकर गिर पड़े। इस बीच बदमाशों ने पीछा कर दोबारा गोली मारी और चाकू से चेहरे और सीने पर ताबड़तोड़ वार कर कसाई जैसी बेरहमी से उनकी हत्या कर दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गोरखपुर में तड़तड़ाईं गोलियां, मॉर्निंग वॉक पर निकले चौहान समाज के नेता की हत्या

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौत की पुष्टि होने के बाद ही हमलावर मौके से फरार हुए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी। राजकुमार को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भाजपा के कार्यक्रमों में सक्रिय दिखने वाले बरगदवा निवासी राजकुमार चौहान रोजाना की तरह मंगलवार की सुबह टहलने निकले थे। वह घर से करीब 400 मीटर दूर खाली मैदान की ओर पहुंचे ही थे कि घात लगाए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। उनकी हत्या करने वालों ने न सिर्फ उन्हें गोली मारी, बल्कि उसके बाद उनके दिल और जिगर पर चाकू से वार किए। हमलावरों ने चेहरे, सीने, पेट और सिर पर ताबड़तोड़ चाकू से गोदकर निर्मम तरीके से उनकी हत्या कर दी। हत्या का तरीका इस ओर इशारा करता है कि हमलावरों के मन में राजकुमार के प्रति केवल दुश्मनी ही नहीं, बल्कि गहरी और घिनौनी नफरत भी थी। राजकुमार प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे और वर्तमान में अपने समाज में तेजी से आगे बढ़ रहे थे। वह प्रदेश स्तर पर विभिन्न जिलों में जाकर चौहान समाज को सक्रिय करने और एक मंच पर लाने में जुटे थे। इसके अलावा वर्ष 2023 में गांव के कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश भी चल रही थी। ऐसे में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ढाई लाख शिक्षकों-कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, योगी सरकार ने 25 लाख की ग्रेच्युटी

पत्नी की तहरीर पर गांव के ही आठ लोगों पर केस, सात हिरासत में

माना जा रहा है कि हत्या का खुलासा चौंकाने वाले तथ्यों के साथ हो सकता है। फिलहाल, कुछ साल पुरानी रंजिश में शामिल लोगों को उनकी पत्नी ने नामजद आरोपी बनाया है। सभी आरोपित वारदात के समय अपने घरों पर मिले हैं। ऐसे में हत्या में उनकी वास्तविक भूमिका क्या है, इसकी जांच के लिए पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस

गोरखपुर की चिलुआताल पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से खोखा बरामद किया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। राजकुमार की पत्नी सुशीला देवी की तहरीर पर पुलिस ने बरगदवा गांव के ही आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है, जिनमें से सात को हिरासत में ले लिया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बच्चों को नाराज होने दें, लेकिन यह कतई न करें, योगी ने अभिभावकों को दी ये सीख

चौहान समाज की राजनीति में उभर रहे थे राजकुमार

राजकुमार जमीन का कारोबार करने के साथ ही चौहान समाज की राजनीति में भी सक्रिय थे। वह प्रदेश स्तर पर समाज के लोगों को जोड़कर संगठन खड़ा करने में लगे थे। वर्ष 2012 में पहली बार उन्होंने पार्षद का चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। वर्ष 2017 में उन्होंने नगर निकाय चुनाव में पार्षद पद की तैयारी की थी, लेकिन सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने के कारण उन्होंने अपने सहयोगी की पत्नी रिंकी को चुनाव लड़ाया, जो जीत गईं। नगर निगम में वह पार्षद प्रतिनिधि के तौर पर अधिकारियों से मिलते थे। हालांकि, हस्तक्षेप अधिक होने के कारण दो साल में ही पार्षद से उनका तालमेल बिगड़ गया। 2023 में हुए नगर निकाय चुनाव में वह डॉ.राजेन्द्र प्रसाद नगर वार्ड से निर्दल मैदान में उतरे। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:OTP से बचेगी जान, UP में लाइनमैन को खतरे में डाले बिना ठीक होंगे बिजली के फॉल्ट

क्या बोले एसएसपी

गोरखपुर के एसएसपी डॉ.कौस्तुभ ने बताया कि हत्या के मामले में परिजनों ने आठ लोगों को नामजद किया है, सभी बरगदवा के निवासी हैं। उनमें से सात को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस की आठ टीमें घटना के खुलासे में लगी हैं। इलेक्ट्रॉनिक डाटा जुटाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं पर जांच कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।