VIDEO: कभी देखी है सड़क के बीच चालू हैंडपंप? इंजीनियरों के इस कारनामे से PWD की फजीहत
यूपी के मिर्जापुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां करोड़ों की लागत से एक सड़क बनी। लेकिन रोड बनाने वाले ठेकेदारों ने बीच सड़क पर लगे हैंड़पंप को हटाए बिना ही सड़क बना दी। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है

Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने सरकारी कामकाज की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां करोड़ों रुपये की लागत से एक सड़क का निर्माण कराया गया, लेकिन निर्माण कार्य में इतनी बड़ी लापरवाही बरती गई कि बीच सड़क पर लगे चालू हैंडपंप को हटाए बिना ही पूरी सड़क बना दी गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं और जिम्मेदार अधिकारियों पर सवाल उठा रहे हैं।
मामला विंध्याचल थाना क्षेत्र के कंतित इनारा का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित मिर्जापुर दौरे से पहले पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) के अधिकारियों ने आनन-फानन में सड़क निर्माण का कार्य पूरा कराया। हालांकि जल्दबाजी में किए गए इस काम में बुनियादी सावधानियों को नजरअंदाज कर दिया गया। सड़क के बीचों-बीच मौजूद चालू हैंडपंप को न तो हटाया गया और न ही उसे कहीं और शिफ्ट किया गया, जिससे राहगीरों और वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा पैदा हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण मुख्यमंत्री के दौरे से महज तीन दिन पहले किया गया था। बावजूद इसके, हैंडपंप को हटाने की जरूरत नहीं समझी गई और उसे सड़क के बीच में ही छोड़ दिया गया। जब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो पीडब्ल्यूडी विभाग की काफी किरकिरी होने लगी और लोगों ने इसे लापरवाही का बड़ा उदाहरण बताया।
इस मामले में पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता ने सफाई देते हुए कहा कि हैंडपंप को शिफ्ट करने की जिम्मेदारी नगर पालिका की थी, लेकिन समय पर यह काम नहीं हो सका। हालांकि वीडियो वायरल होने और मामला तूल पकड़ने के बाद विभाग हरकत में आया। अधिकारियों ने तत्काल मजदूरों को बुलाकर हैंडपंप को हटाने और उसे दूसरी जगह शिफ्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी।
गौरतलब है कि विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर में 19 अप्रैल से शुरू होने वाले नवरात्रि मेले को लेकर क्षेत्र में तैयारियां जोरों पर हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़क, पानी और बिजली जैसी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। ऐसे में इस तरह की लापरवाही ने प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।




साइन इन