ब्राह्मण भी मेरे पैर छूते हैं....कह महिलाओं ने युवक को चप्पलों से पीटा, वीडियो वायरल
कानपुर में कुछ महिलाओं ने एक युवक को चप्पलों और थप्पड़ से जमकर पीटा, इस दौरान उन्होंने जमकर जातिसूचक गालियां दीं, घटना का वीडियो सोमवार को वायरल हो गया। वीडियो में महिलाएं गाली-गलौज करते हुए और ब्राह्मण भी मेरे पैर छूते हैं कहते हुए सुनाई दे रही हैं।

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक युवक को कुछ महिलाओं द्वारा चप्पलों और थप्पड़ों से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिलाएं युवक को पीटते हुए गाली-गलौज करती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान जातिसूचक टिप्पणियां भी की। एक महिला ने कहा कि ब्राह्मण भी उसके पैर छूते हैं। हालांकि, वायरल वीडियो का लाइव हिन्दुस्तान पुष्टि नहीं करता है।
जानकारी के मुताबिक यह मामला कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र का है। एक युवती ने 10 मार्च को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि नौ मार्च को आरोपी युवक ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसने बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और उसके साथ छेड़छाड़ की। युवती का यह भी आरोप है कि युवक ने उसकी गर्दन पर नोंचने और काटने की कोशिश की।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवती कुछ अन्य महिलाओं के साथ मिलकर युवक को पीट रही है। इस दौरान वहां मौजूद लोग घटना का वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में महिलाएं युवक को मारते हुए अपशब्द कहती सुनाई दे रही हैं। एक महिला को यह कहते हुए भी सुना जा सकता है, 'ब्राह्मण भी मेरे पैर छूते हैं।'
घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सच्चाई और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी पक्ष दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
नशेबाजों ने पार्षदों से की गाली-गलौज और धक्कामुक्की
कानपुर का ही एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें मूलगंज में नशेबाजों ने दो पार्षदों से गाली-गलौज कर अभद्रता की। इतना ही नहीं क्षेत्र में वर्चस्व कायम रखने के लिए आरोपितों के एक साथी ने पार्षद के साथ बदतमीजी का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। काहूकोठी कलक्टरगंज निवासी पार्षद अमित गुप्ता के अनुसार रविवार की शाम अपने साथी पार्षद आदर्श गुप्ता के साथ मूलगंज में बिछाई जा रही पाइपलाइन का निरीक्षण कर वापस लौट रहे थे। तभी रास्ते में राजा गुप्ता अपने साथी आलोक चौरसिया उर्फ अमित और दीपक कश्यप के साथ नशे की हालत में बीच सड़क पर आ गए और बेवजह गाली-गलौज करने लगे। विरोध पर आरोपितों ने धक्का-मुक्की करते हुए जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपितों पर रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।




साइन इन