‘वोटर लिस्ट’ के संग्राम में कूदा चुनाव आयोग,‘ विधायक की पत्नी का नाम कटने की सच्चाई भी बताई
यूपी में ‘वोटर लिस्ट’ के संग्राम में चुनाव आयोग भी कूद पड़ा। विपक्ष के आरोपों पर जवाब दिए हैं। चुनाव आयोग ने विधायक की पत्नी का नाम कटने की सच्चाई भी बताई है।

यूपी में एसआईआर के बीच वोटर लिस्ट’ के संग्राम में अब चुनाव आयोग भी कूद पड़ा है। चुनाव आयोग ने विपक्ष के आरोपों पर जवाब दिए हैं। यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने विपक्ष के आरोपों पर जवाब दिया उन्होंने कहा कि बलिया के सिकंदरपुर के विधायक की पत्नी का नाम वोटर लिस्ट से नाम नहीं काटा गया है। ऐसे ही बलिया के सिकंदरपुर में 126 वोटरों, प्रतापगढ़ के बाबागंज में 100 वोटरों के काटने के आरोपों की जांच कराई गई तो वह भी निराधार पाए गए। कोई भी व्यक्ति किसी दूसरे का नाम नहीं कटवा सकता है। उसे आपत्ति फॉर्म-7 पर नाम, वोटर आईडी नंबर, किसी दूसरे का नाम कटवाने का कारण लिखना होगा । यही नहीं वह उसी विधानसभा का रहने वाला हो। कोई अज्ञात व्यक्ति किसी का नाम नहीं कटवा सकता है।
इससे पहले सोमवार को सपा मुख्यालय में अखिलेश यादव ने एसआईआर के मुद्दे पर भाजपा को घेरने के साथ ही निर्वाचन आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाया है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा फर्जी हस्ताक्षर के जरिए फार्म-7 भरवाकर पीडीए के वोट कटवा रही है। भाजपा की सीक्रेट बैठक में यह तय हुआ था कि लोकसभा में जहां सपा जीती है, वहां वोट कटवाए जाएंगे। कहा कि मंगलवार को सपा विधायकों का प्रतिनिधि मंडल इसे लेकर निर्वाचन आयोग को ज्ञापन सौपेंगे और सदन में भी मुद्दे को उठाएंगे।
बीएलए तक के नाम कटवाए गए -सपा चीफ
अखिलेश ने कहा कि सपा के बीएलए तक के नाम कटवाए गए हैं। औरैया के विधुना विधानसभा क्षेत्र में नंदलाल जो पढ़े-लिखे नहीं हैं और अंगूठा लगाते हैं, फार्म सात पर फर्जी हस्ताक्षर कर उनका वोट कटवा दिया गया। विधुना में एक बीएलए ने 126 वोट कटवा दिए। अयोध्या व अन्य जिलों में भी बड़े पैमाने पर फर्जी हस्ताक्षर के जरिए वोट कटवाए जा रहे हैं। सपा के नगर अध्यक्ष के जाली हस्ताक्षर करके हमारे ही मतदाता का वोट कटवा दिया गया। पूर्व विधायक की पत्नी का वोट कटवा दिया गया। कहा कि भाजपा का लक्ष्य क्लियर है। वे विधानसभा चुनाव जीत नहीं रहे हैं, इसलिए वोट कटवा रहे हैं और हमें इसमें उलझाए हैं ताकि रोजगार, गरीबी, महंगाई जैसे बुनियादी मुद्दों से ध्यान हटा रहे। उन पर बात न हो।
यादव-मुस्लिम के अधिक वोट काटे जा रहे- अखिलेश
आरोप लगाया कि यादव-मुस्लिम के अधिक वोट काटे जा रहे हैं। कहा कि सपा ने 47 फार्म-7 भरे और भाजपा ने 1097 से अधिक जबकि अज्ञात लोगों ने 1.28 लाख से अधिक फार्म-7 भरे हैं, वो अज्ञात लोग भाजपा के लोग हैं। ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद वोट कटवाने के लिए फार्म-7 भरवाने का काम शुरू किया गया। भाजपा से जुड़े सामंतवादी व प्रभुत्ववादी लोग पीडीए के वोट कटवा रहे हैं। कहा कि निर्वाचन आयोग ने बीएलए को ट्रेनिंग नहीं दी। गड़बड़ी कर रहे प्रशासनिक अधिकारियों पर कहीं कोई कार्रवाई नहीं की गई।




साइन इन