यूपी के यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी के 9 ठिकानों पर ईडी की रेड, लैंड रोवर- BMW कार जब्त; अकूत है संपत्ति
ईडी के अनुसार, अनुराग द्विवेदी फिलहाल दुबई में रह रहा है। कई समन जारी होने के बावजूद जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुआ है। यह मामला पश्चिम बंगाल पुलिस की ओर से दर्ज FIR के आधार पर शुरू हुआ है, जिसमें धोखाधड़ी, जालसाजी और अवैध सट्टेबाजी के आरोप लगाए गए हैं।

अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उत्तर प्रदेश के चर्चित यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी के खिलाफ शिकंजा और कस दिया है। ईडी ने ताजा छापेमारी कर दो महंगी लग्जरी कारें जब्त की हैं। साथ ही करोड़ों रुपये की संदिग्ध संपत्तियों का खुलासा किया है। ईडी ने सोमवार को बताया कि उसने 31 दिसंबर और एक जनवरी को दिल्ली, मुंबई, सूरत, लखनऊ और वाराणसी में नौ ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान अनुराग द्विवेदी की लैंड रोवर डिफेंडर और बीएमडब्ल्यू जेड-4 कार जब्त की गई। इससे पहले दिसंबर के तीसरे सप्ताह में हुई कार्रवाई में ईडी ने लेम्बॉर्गिनी उरुस, मर्सिडीज, फोर्ड एंडेवर और थार समेत चार लग्जरी गाड़ियां और 20 लाख रुपये नकद बरामद किए थे।
ईडी के अनुसार, अनुराग द्विवेदी फिलहाल दुबई में रह रहा है और कई समन जारी होने के बावजूद जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुआ है। यह मामला पश्चिम बंगाल पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू हुआ है, जिसमें धोखाधड़ी, जालसाजी और अवैध सट्टेबाजी के आरोप लगाए गए हैं। जांच में आरोप है कि द्विवेदी ने सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) से संचालित अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म का प्रचार किया और हवाला व म्यूल खातों के जरिए अपराध की कमाई हासिल की।
ईडी का दावा है कि इसी पैसे से दुबई में अचल संपत्तियां भी खरीदी गईं। छापेमारी के दौरान दुबई में रियल एस्टेट निवेश से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। ईडी ने करीब तीन करोड़ रुपये की एफडी, बीमा पॉलिसियां और बैंक जमा भी जब्त किए हैं। इस मामले में अब तक तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अगस्त 2025 में कोलकाता की विशेष पीएमएलए अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। ईडी पहले ही 27 करोड़ रुपये की संपत्तियां फ्रीज या अटैच कर चुकी है।
छोटे गांव से निकले अनुराग की दिल्ली में चमकी किस्मत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अनुराग द्विवेदी का मन बचपन से पढ़ाई-लिखाई में नहीं लगता था। इसकी बजाए क्रिकेट खेल में उसका ज्यादा मन लगता था। कम उम्र में ही क्रिकेट के बारे में उसकी अच्छी-खासी समझ हो गई थी। उन्नाव के एक छोटे से गांव से निकलकर अनुराग ने बेतहाशा दौलत और शोहरत कमाई। उसकी किस्मत दिल्ली में चमकी।
यू्ट्यूबर और फैंटेसी क्रिकेट एक्सपर्ट अनुराग द्विवेदी आज सवालों के घेरे में है। धन और लग्जरी गाड़ियां लोगों को उसकी तरफ आकर्षित करती रहीं। दुबई में भव्य शादी चर्चा में रही। उसने अपने रिश्तेदारों को भी दुबई की सैर कराई। उसकी जिंदगी ने जहां हजारों युवाओं को आकर्षित किया। सट्टा, रंगदारी और ईडी की कार्रवाई जैसी चर्चाओं ने इस चमक के पीछे की स्याह तस्वीर को उजागर कर दिया।




साइन इन