doctor afzal s associate arrested in kidney scandal rs 10 lakh cash recovered from his possession किडनी कांड में डॉक्टर अफजल का कारखास भी गिरफ्तार, पास से मिला 10 लाख कैश, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

किडनी कांड में डॉक्टर अफजल का कारखास भी गिरफ्तार, पास से मिला 10 लाख कैश

परवेज वकीलों के संपर्क में था और मुकदमे से बचने और जमानत लेने के प्रयास में जुटा था। उसके पास से 10 लाख रुपये भी बरामद हुए हैं। पूछताछ में उसने बताया कि ये वही रुपये हैं जो मुजफ्फरनगर की पारुल तोमर के ऑपरेशन के बाद मिले थे। डॉ. अफजल को 22 लाख रुपये मिले थे। उसमें से 10 लाख रुपये उसे दिए थे।

Tue, 7 April 2026 10:35 PMAjay Singh प्रमुख संवाददाता, कानपुर
share
किडनी कांड में डॉक्टर अफजल का कारखास भी गिरफ्तार, पास से मिला 10 लाख कैश

किडनी कांड में शामिल डॉ.अफजल का कारखास और ड्राइवर परवेज सैफी को पुलिस ने मंगलवार देर रात रावतपुर से गिरफ्तार कर लिया। 500 रुपये के नोटों की गड्डियों के साथ उसका और डॉ. अफजल का वीडियो वायरल होने के बाद से पुलिस पीछे लगी थी। सैफी के पास से झोले में रुपये भी बरामद हुए हैं। ये वहीं रुपये बताए जा रहे हैं, जो वायरल वीडियो में बेड पर पड़े नजर आए थे।

डीसीपी एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक वह वकीलों के संपर्क में था और मुकदमे से बचने व जमानत लेने के प्रयास में जुटा था। उसके पास से 10 लाख रुपये भी बरामद हुए हैं। पूछताछ में उसने बताया कि ये वही रुपये हैं जो मुजफ्फरनगर की पारुल तोमर के ऑपरेशन के बाद मिले थे। डॉ. अफजल को 22 लाख रुपये मिले थे, जिसमें से 10 लाख रुपये उसे दिए थे। परवेज ने बताया कि पुलिस के आहूजा अस्पताल में छापा मारने के बाद ही डॉ. अफजल का मोबाइल बंद हो गया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गले में आला और चेहरे पर मास्क...दक्षिण अफ्रीकी युवती का 8वीं पास ने किया इलाज

मीडिया में जब उसका नाम भी आया तो वह भी छिपता फिर रहा था। चूंकि 10 लाख रुपये पास में थे, इसलिए खुद को बचाने के लिए वह वकीलों के संपर्क में आया। उसे एक अधिवक्ता ने जमानत दिलाने का आश्वासन दिया था, जिसके चलते वह रुपये लेकर कानपुर आ गया। डीसीपी के मुताबिक वकीलों से संपर्क करने के दौरान उसने मोबाइल खोला तो पुलिस को लोकेशन मिल गई। लोकेशन मिलने के 15 मिनट के भीतर रावतपुर पुलिस ने उसे दबोच लिया। बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

वीडियो वायरल होने के बाद आया था चर्चा में

किडनी कांड से जुड़ा एक वीडियो रविवार को वायरल हुआ था। 19 सेकेंड के इस वीडियो में डॉ. अफजल कल्याणपुर के एक होटल में सैफी के साथ मौजूद था। बेड पर पांच सौ के नोटों की कई गड्डियां बिछी हुईं थीं। अफजल एक गड्डी को उठाकर अपने चेहरे पर हवा कर रहा है। कमरे में मौजूद परवेज सैफी अपने मोबाइल से इसका वीडियो बना रहा है। इसके बाद दोनों बेड पर बैठ जाते हैं। वीडियो पारुल तोमर की किडनी ट्रांसप्लांट के बाद बनाया गया था। यह वीडियो सामने आने के बाद से पुलिस सैफी के पीछे लगी थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें मेरठ गईं थीं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गाजियाबाद का डॉ. निकला किडनी कांड का सरगना, 100 करोड़ के साम्राज्य का दावा
ये भी पढ़ें:कानपुर किडनी कांड में खुलासा! झोलाछाप डॉक्टर और ओटी मैनेजर कर रहे थे बड़े ऑपरेशन
ये भी पढ़ें:किडनी कांड के आरोपियों की तलाश में यूपी पुलिस; पश्चिम के शहरों में डाला डेरा

लूट-डकैती में जेल जा चुका है परवेज सैफी

डीसीपी के मुताबिक परवेज सैफी पेशे से तो कार चलाता है लेकिन वह अपराधी भी है। वर्तमान में वह एक ट्रैवल एजेंसी के लिए काम कर रहा था। मेरठ, गाजियाबाद में उस पर सात से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। गाजियाबाद में हुई लूट के एक मामले में वह करीब ढाई साल जेल में भी रहा है। किडनी कांड के रैकेट से जुड़े डॉक्टरों, ओटी टेक्नीशियन खासतौर पर डॉ. अफजल को कानपुर लाने-ले जाने का काम परवेज सैफी करता था। परवेज ने बताया कि आहूजा अस्पताल में सात बार हुए ऑपरेशन के दौरान वही डॉ. अफजल को कानपुर लाया था। इस दौरान वह लोग कल्याणपुर के एक होटल में 8 से 10 दिन ठहरे भी थे। वहीं रुपयों के साथ वीडियो बनाया था।

क्लीनिक और घर पर ताला लगाकर डॉ. अफजल फरार

डीसीपी के मुताबिक मेरठ का डॉ. अफजल अपने क्लीनिक और घर पर ताला लगाकर फरार है। उसके साथ ही मुद्स्सर अली सिद्दीकी उर्फ डॉ. अली, मेरठ में मल्टी स्पेशियलिटी हास्पिटल चलाने वाला डॉ. अमित और डेंटिस्ट डॉ. वैभव मुद्गल फरार हैं। इनकी तलाश में टीम छापेमारी कर रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।