dm order schools closed many districts including bareilly jaunpur basti deoria shahjahanpur pillibhi relief for teachers बरेली-जौनपुर के बाद इन 11 जिलों में भी डीएम आदेश से स्कूल बंद, शिक्षकों के लिए भी राहत की खबर, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बरेली-जौनपुर के बाद इन 11 जिलों में भी डीएम आदेश से स्कूल बंद, शिक्षकों के लिए भी राहत की खबर

DM द्वारा आदेश में शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को स्कूल में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा गया है। 31 दिसम्बर से 14 जनवरी 2026 तक यूपी परिषदीय स्कूलों में शीतकालीन अवकाश दिए जाने की संभावना है। यानि दो दिन बाद से 15 दिन तक परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को राहत मिल सकती है।

Sun, 28 Dec 2025 10:51 PMAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान
share
बरेली-जौनपुर के बाद इन 11 जिलों में भी डीएम आदेश से स्कूल बंद, शिक्षकों के लिए भी राहत की खबर

यूपी में ठंड का कहर बढ़ता जा रहा है। शीतलहर और कोहरे को देखते हुए धड़ाधड़ स्कूल बंद हो रहे हैं। बरेली, जौनपुर, शाहजहांपुर के बाद अब पीलीभीत, बस्ती, देवरिया और महराजगंज के डीएम ने भी बच्चों के लिए स्कूलों की बंदी को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं। बरेली में शनिवार को डीएम ने आठवीं तक के स्कूलों में दो दिन छुट्टी की थी। वहीं रविवार को जौनपुर, शाहजहांपुर के डीएम ने 29 और 30 को आठवीं तक के विद्यालय बंद रखने के आदेश दिए। बस्ती के डीएम ने सभी बोर्डों के कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों को 29 दिसम्बर को बंद रखने का आदेश दिया है। वहीं देवरिया में भी आठवीं तक के बच्चों को 31 दिसंबर तक छुट्टी दे दी गई है। पीलीभीत में आठवीं तक के विद्यालयों को 30 दिसम्बर तक बच्चों के लिए बंद किया गया है। महाराजगंज के डीएम ने आठवीं तक के स्कूलों को सोमवार यानी एक दिन के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया है। वाराणसी और कासगंज में भी आठवीं तक के स्कूल 29 और 30 दिसम्बर को बंद रहेंगे।संतकबीरनगर में भी डीएम के आदेश से कक्षा एक से पांच तक 29 और 30 दिसम्बर को कक्षाएं बंद रहेंगी। मुरादाबाद, अमरोहा, कुशीनगर में भी आठवीं तक के स्कूलों को 30 दिसम्बर तक बंद रखने का आदेश जारी हुआ है।

अलग-अलग जिलों के डीएम द्वारा आदेश में शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को स्कूल में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा गया है। बस्ती में 11 बजे से तीन बजे तक तो अन्य जिलों में भी स्कूल टाइमिंग के दौरान उपस्थित रहकर विभागीय और शासकीय कार्यों को निपटाने को कहा गया है। इस बीच 31 दिसम्बर से 14 जनवरी 2026 तक बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों शीतकालीन अवकाश (Winter Vacation) दिए जाने की संभावना है। यानि दो दिन बाद से 15 दिन तक परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को बड़ी राहत मिल सकती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में सर्दी का सितम तेज, इस जिले में टूटा कोहरे का रिकॉर्ड; मौसम का नया अलर्ट

परिषदीय विद्यालयों में यह छुट्टी शैक्षणिक कैलेंडर के अंतर्गत मिलनी हैं। बस्ती की डीएम के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तिवारी द्वारा जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि भारत मौसम विभाग द्वारा जारी स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के क्रम में बस्ती में अत्यधिक शीतलहर, कोहरे की स्थिति और न्यूनतम तापमान में हो रही लगातार गिरावट को दृष्टिगत रखते हुए छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और हित संरक्षण के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है कि कक्षा एक से आठ तक के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, राजकीय, माध्यमिक और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में 29 दिसम्बर को छात्रों के लिए अवकाश रहेगा। सभी शिक्षक और अन्य स्टाफ सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रह कर शासकीय कार्यों का समापन करेंगे।

महराजगंज जिले में कड़ाके की ठंड को देखते हुए कक्षा आठवीं तक के बच्चों की कक्षाएं सोमवार को बंद रहेंगी। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि गलन और ठंड को देखते हुए सभी बोर्ड के विद्यालयों में कक्षा आठवीं तक की कक्षाओं को सोमवार को एक दिन के लिए बंद करने का आदेश जारी किया गया है। इस निर्देश का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी।

वहीं, देवरिया में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव द्वारा जारी कार्यालय आदेश में बताया गया कि कक्षा आठ तक के बच्चों की छुट्टी कर दी है। जिले में आठवीं तक संचालित सभी विद्यालयों में 31 दिसंबर तक बच्चे उपस्थित होने से मुक्त रहेंगे। वहीं विद्यालयों के शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित होकर विभागीय कार्यों को निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी के 24 शहर शिमला से भी सर्द, 18 में घने कोहरे; 10 में कोल्ड डे का अलर्ट

जिले में पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड के बीच बच्चों को स्कूल जाने में कठिनाई हो रही है। ठंड के कारण बच्चों के हाथ एवं पैर सुन्न हो जा रहे हैं। जिससे विद्यालयों में उपस्थित होने के बाद भी बच्चे ठीक ढंग से पठन- पाठन कार्य नहीं कर पा रहे हैं।

ठण्ड को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग के अन्तर्गत संचालित परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त विद्यालयों एवं सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड द्वारा संचालित विद्यालयों, आंगनबाडी केन्द्रों सहित सभी विद्यालयों में अध्यनरत कक्षा आठवीं तक के छात्रों- छात्राओं को 29 से 31 दिसम्बर तक विद्यालय में उपस्थित होकर पठन-पाठन से मुक्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। जबकि विद्यालयों में सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं कर्मचारियों को विद्यालय पर उपस्थित होकर विद्यालय से सम्बन्धित विभागीय कार्यों को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मुरादाबाद और अमरोहा में आठवीं तक के स्कूल आज बंद

मुरादाबाद मंडल में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। रविवार को मंडल के कई जिलों में दिनभर धूप नहीं निकली। घना कोहरा, सर्द हवाएं और गलनभरी ठंड के चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई। मुरादाबाद और अमरोहा मंडल के सबसे ठंडे जिले रहे, जहां न्यूनतम पारा 8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।। हालात को देखते हुए संभल में कक्षा 12 तक के स्कूलों में दो दिन का अवकाश (सोमवार, मंगलवार) बढ़ाया गया है, जबकि अमरोहा और मुरादाबाद में कक्षा एक से आठ तक के स्कूल सोमवार को एक दिन के लिए बंद रहेंगे। वहीं रामपुर में सोमवार के लिए कोई नया आदेश जारी नहीं हुआ है और स्कूल खुले रहेंगे। वहीं कोहरे के चलते करीब एक दर्जन ट्रेनें लेट रहीं, जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।