डीएम-कमिश्नर कोई मेरा फोन नहीं उठाता...सपा विधायक नसीम सोलंकी ने सतीश महाना को लिखा लेटर
सपा विधायक नसीम सोलंकी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कह रही हैं कि डीएम-कमिश्नर कोई फोन नहीं उठाता। जनता की परेशानी कैसे दूर की जाए। एमएलए का कहना है कि उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को पत्र लिखकर उन्होंने अफसरों द्वारा फोन न उठाने की शिकायत की है।

Kanpur News: समाजवादी पार्टी की सीसामऊ विधायक नसीम सोलंकी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कह रही हैं कि डीएम-कमिश्नर कोई फोन नहीं उठाता। जनता की परेशानी कैसे दूर की जाए। इसमें वह यह भी कह रही हैं कि विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को पत्र लिखकर उन्होंने जिले के अफसरों द्वारा फोन न उठाने की शिकायत की है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि लाइव हिन्दुस्तान नहीं करता है।
इरफान सोलंकी की पत्नी व सीसामऊ से सपा एमएलए नसीम ने कहा कि पिछले एक महीने में डीएम, कमिश्नर और नगर आयुक्त को लगातार फोन किया, लेकिन तमाम बार फोन ही नहीं उठाया गया। स्टाफ ने फोन रिसीव किया तो संबंधित अफसर से बात नहीं कराई और दोबारा कॉल भी नहीं आई। नसीम सोलंकी ने सतीश महाना से लिखित शिकायत में कहा है कि जनप्रतिनिधियों के साथ ऐसा बर्ताव नहीं होना चाहिए। कम से कम फोन पर बात तो होनी ही चाहिए। दरअसल, कुछ दिनों पहले सतीश महाना ने सभी अफसरों को ताकीद की थी कि वह जनप्रतिनिधियों के फोन जरूर उठएंगे। इसके बाद भी अफसरों की तरफ से रिस्पांस न मिलने पर सपा विधायक ने शिकायत की है।
इसमें कहा कि कुछ दिनों पहले गंगा बैराज में चमनगंज क्षेत्र के दो बच्चे सड़क दुर्घटना में मृत्यु का शिकार हो गए। रात में करीब 12 या एक बजे हैलट अस्पताल से डीएम को लगातार फोन किया गया, लेकिन उनका दूसरे दिन तक दोबारा कॉल नहीं आया। नगर आयुक्त भी फोन नहीं उठाते हैं। जनप्रतिनिधि के पास जनता जिस उद्देश्य से आती है, उसका हल अफसरों को करना होता है, लेकिन जब वे फोन नहीं उठाएंगे तो जनता के काम कैसे होंगे।
उपचुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचीं थी नसीम सोलंकी
बता दें कि 2024 के उपचुनाव में नसीम सोलंकी ने 8629 वोटों के अंतर से भाजपा के सुरेश अवस्थी को हरा दिया था। दरअसल, आगजनी मामले में इरफान सोलंकी को सात साल की सजा सुनाई गई थी। जिसके चलते उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म हो गई थी। इस कारण 2024 में सीसामऊ सीट पर उपचुनाव करना पड़ा था।




साइन इन