परेशान पति का अजब-गजब फैसला: पत्नी और तीन बच्चों को दूसरे युवक को सौंपा, उसी से कराया निकाह
मेरठ के सरूरपुर क्षेत्र के एक गांव में अजब गजब मामला सामने आया है। गांव निवासी एक युवक ने पारिवारिक कलह से परेशान होकर पत्नी और तीन बच्चों को दूसरे युवक को सौंप दिया।

मेरठ के सरूरपुर क्षेत्र के एक गांव में अजब गजब मामला सामने आया है। गांव निवासी एक युवक ने पारिवारिक कलह से परेशान होकर पत्नी और तीन बच्चों को दूसरे युवक को सौंप दिया। पत्नी का युवक से निकाह भी करा दिया और बच्चे भी उसके सुपुर्द कर दिए। युवक ने अपनी बहन-बहनोई और परिजनों के खिलाफ थाने में परेशान करने, मकान पर कब्जा करने के प्रयास और फर्जी मुकदमों में फंसाने की साजिश का आरोप लगाकर तहरीर दी है। परिजनों पर हत्या कराए जाने की साजिश का भी आरोप लगाया है। इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा है और पुलिस भी परेशान है।
सरूरपुर निवासी व्यक्ति, पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहता है। उसका अपने पिता, बहन-बहनोई से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। युवक ने बताया कि वह जिस मकान में रहता है, उसे ससुराल पक्ष ने बनवाया था। जमीन भी पत्नी के नाम है। पिता, बहन और बहनोई मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। इसी को लेकर आए दिन विवाद करते हैं। दो बार हमला कर चुके हैं। उसे और पत्नी को फर्जी आरोप लगाकर मुकदमे में फंसाने की साजिश की जा रही है। मानसिक तनाव से परेशान होकर पीड़ित ने पत्नी का एक अन्य युवक से निकाह करा दिया। पत्नी और तीनों बच्चों को इस युवक को सौंप दिया। पुलिस को तहरीर युवक ने दी है। शिकायत में लिखा है कि पत्नी के नाम पर जो मकान है, वह फिलहाल उसी घर में रह रहा है, लेकिन संपत्ति पर हक नहीं है।
शिकायत में लिखा, मेरी हत्या की साजिश की जा रही
युवक ने शिकायत में लिखा कि परिवार ही मेरी हत्या की साजिश कर रहा है। फर्जी मुकदमे में फंसाने की कोशिश की जा रही है। पत्नी और बच्चों को घर से निकाल कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में मेरे पास कोई रास्ता नहीं है। मामले को लेकर गांव में पंचायत बुलाई गई और दोनों पक्ष को बुलाया गया। सहमति से समझौता कराया गया कि मकान में युवक और पत्नी बच्चों के साथ रहेंगे। दूसरी ओर, युवक की बहन-बहनोई घर पर कोई हस्तक्षेप नहीं रखेंगे। वहीं, महिला ने कहा है कि वह पति और निकाह करने वाले युवक दोनों के साथ रहेगी।
सरूरपुर एसओ अजय शुक्ला ने बताया, प्रकरण में फिलहाल कोई अपराध की बात सामने नहीं आई है। यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की शिकायत या विवाद होता है तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। समझौता होने की सूचना भी मिल रही है, जिसकी जानकारी की जा रही है।




साइन इन