प्रधानमंत्री पर नहीं की थी टिप्पणी, सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के बदले सुर, बोले-AI से बनाया गया वीडियो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी कर सुर्खियां में आए सपा सांसद ने विरोध बढ़ता देख यू टर्न ले लिया है। रविवार को सांसद ने बयान जारी कर कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री शब्द का प्रयोग किया था।

Mahoba News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी कर सुर्खियां में आए सपा सांसद ने विरोध बढ़ता देख यू टर्न ले लिया है। रविवार को सांसद ने बयान जारी कर कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री शब्द का प्रयोग किया था। इसे एआई की मदद से तोड़ मरोड़कर वायरल किया गया। एकाएक यू टर्न से सांसद ने मुद्दे को नया मोड दे दिया है। बता दें कि सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने 11 मई को कलेक्ट्रेट में मंहगाई के विरोध में धरना प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी की थी। इसपर भाजपाइयों ने सांसद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
हमीरपुर नगर पालिका के चेयरमैन कुलदीप निषाद ने तो यहां तक कह दिया कि सांसद माफी नहीं मांगेंगे तो उन्हें पीटेंगे। इससे दोनों पक्षों के समर्थक आमने सामने आ गए। सांसद ने 250 गाड़ियों से आने का ऐलान किया तो प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके हमीरपुर आने पर रोक लगा दी। यही नहीं उन्हें घर पर ही एक दिन पहले नजरबंद कर लिया गया। चारों ओर से शिकंजा कसने पर सांसद एकाएक अपने बयान से पलट गए।
सांसद बोले-महंगाई का विरोध किया था
सांसद ने एक वीडियो में कहा कि उन्होंने मंहगाई का विरोध किया था। उनके प्रधानमंत्री शब्द के प्रयोग को एआई की मदद से तोड़ मरोड़कर पेश किया गया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। उनकी छवि धूमिल करने के लिए यह सब किया गया है। खास बात यह है कि सबके सामने प्रधानमंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी करने के बाद अपने बयान पर डटे सांसद के एकाएक यू टर्न लेने से राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
वायरल वीडियो: चिरकुट चेयरमैन से मिलने हमीरपुर जरूर जाऊंगा
हमीरपुर जाने के लिए अनुमति न मिलने पर सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि वह आने वाले दिनों में जरूर जाएंगे। ब्राह्मण, क्षत्रिय और निषाद समाज से उनका कोई विरोध नहीं है वह तो एक चिरकुट चेयरमैन से मिलने के लिए हमीरपुर जरूर जाएंगे। उनके द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है। उनसे उनकी ही भाषा में बात की जाएगी। महोबा की पूर्व पालिकाध्यक्ष पर भी सांसद ने बयान देते हुए कहा कि इन सभी लोगों ने सड़क, नाली, सीसी में भ्रष्टाचार से पैसा कमाया है। कहा कि भाजपा अंधों की सरकार है। कुछ भी भ्रष्टाचार कर लो मगर भाजपा का झंडा पकड़े रहो। भाजपा की वाशिंग मशीन में सभी धुल जाते है। सपा सांसद के उक्त बयानों को एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।




साइन इन