चलती ट्रेन में दिन दहाड़े डकैती, बदमाशों ने गन पॉइंट पर यात्रियों को लूटा
रामपुर में चलती ट्रेन में व्यापारी के कर्मचारियों से बदमाशों ने गन प्वाइंट पर दिन-दिहाड़े लाखों रुपये लूट लिए। साथ ही हवाई फायरिंग करते हुए बदमाश ट्रेन से ही कूदकर भाग गए। उधर, घटना से आरपीएफ व जीआरपी यूपी-उत्तराखंड में हड़कंप मच गया।

UP News: यूपी के रामपुर में चलती ट्रेन में व्यापारी के कर्मचारियों से बदमाशों ने गन प्वाइंट पर दिन-दिहाड़े 7 लाख रुपये लूट लिए। साथ ही हवाई फायरिंग करते हुए बदमाश ट्रेन से ही कूदकर भाग गए। उधर, घटना से आरपीएफ व जीआरपी यूपी-उत्तराखंड में हड़कंप मच गया। टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण कर मामले की जांच पड़ताल की।
उत्तराखंड के रुद्रपुर के मोहल्ला सिंह कॉलोनी के रहने वाले मंदीप सिंह स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाते हैं। उनके अनुसार उनकी दुकान पर मोहल्ला जाफरपुर के रहने वाले रितिक मंडल और आवास विकास कॉलोनी निवासी साहब सिंह काम करते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार की सवेरे दस बजे उनकी दुकान के दोनों कर्मचारी करीब सात लाख रुपये की नकदी लेकर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली जा रहे थें। बताया जाता है कि स्थानीय रेलवे स्टेशन से एक किलोमीटर पहले आनंदनगर के मझरे के पास तीन बदमाशों ने गन प्वाइंट पर दोनों कर्मचारियों से चलती ट्रेन में करीब सात लाख रुपये लूट लिए। बाद में तीनों बदमाश तीव्र मोड़ पर जैसे ही ट्रेन स्टेशन के धीमी हुई तो, हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
दूसरी ओर दोनों नौकरों ने उनके साथ हुई घटना के संबंध में जानकारी व्यापारी को देने के साथ ही पुलिस को भी अवगत कराया। जिससे पुलिस में खलबली मच गई। साथ ही सूचना पर रूद्रपुर-रामपुर की (आरपीएफ) रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। बाद में पीड़ितों तथा व्यापारी से वार्ता कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात फोर्स ने पीड़ितों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। साथ ही जंगल में कांबिंग किए जाने के बावजूद भी बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। वहीं असिस्टेंट कमांडेंट मोहम्मद शारिक खान रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां पर उन्होंने टीम के सदस्यों से वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रायबरेली-प्रतापगढ़ बॉर्डर पर मुठभेड़ में 3 लुटेरे गिरफ्तार
उधर, रायबरेली-प्रतापगढ़ बॉर्डर पर बुधवार सुबह-सुबह पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से चली गोलीबारी में एक बदमाश जख्मी हो गया। इसके बाद पुलिस ने लूट के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना नसीराबाद क्षेत्र में 11 अप्रैल 2026 को महिला से मंगलसूत्र लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को बुधवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ रायबरेली-प्रतापगढ़ बॉर्डर पर नसीरपुर नहर के पास हुई, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में अफजल उर्फ गोरखा , गुड्डू उर्फ रिजवान और मुकीम उर्फ मोदी शामिल हैं। मुठभेड़ के दौरान अफजल के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।




साइन इन