लखनऊ में फोरलेन इंजीनियरिंग कॉलेज फ्लाईओवर का निर्माण इसी माह से, लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में फोरलेन इंजीनियरिंग कॉलेज फ्लाईओवर का निर्माण इसी माह से शुूरू होगा। फोर लेन वाले 890 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य सितंबर 2027 रखा गया है।

UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इंजीनियरिंग कॉलेज फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू होने की राह तक रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। टेंडर फाइनल हो गया है और निर्माण कार्य इसी माह से शुरू होने की संभावना है। फोर लेन वाले 890 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य सितंबर 2027 रखा गया है।
जनवरी में ही निर्माण कार्य के लिए निविदा आमंत्रित की गई थीं। उम्मीद थी कि फरवरी में टेंडर फाइनल करते हुए मार्च से कार्य शुरू करवा दिया जाएगा, लेकिन कुछ कारणों से टेंडर पिछले सप्ताह फाइनल हो पाया है, जो कि हरियाणा की फर्म कालूवाला को मिला है। इससे संबंधित अन्य औपचारिकताएं पूरी करते हुए 20 अप्रैल के बाद किसी भी समय निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। फ्लाईओवर फोन लेन होगा, जो कि 890 मीटर लंबा और 24 मीटर चौड़ा होगा। निर्माण लागत 108.92 करोड़ रुपये आएगी। यह 24 मीटर चौड़ा होगा। इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा के पास से शुरू होगा जो कि मड़ियांव फ्लाईओवर में मिल जाएगा।
सवा से डेढ़ लाख वाहन रोजाना गुजरते हैं-
इस मार्ग से रोजाना सवा से डेढ़ लाख वाहन रोजाना गुजरते हैं। फ्लाईओवर बन जाने से जानकीपुरम, जानकीपुरम विस्तार, कुर्सी रोड पर पड़ने वाली कॉलोनियां, अलीगंज, इंदिरा नगर और आसपास की कॉलोनियों के लगभग सात लाख लोगों को फायदा होगा। उन्हें इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा के पास लगने वाले जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। इस जाम से सीतापुर हाईवे होते हुए मुरादाबाद, रामपुर, दिल्ली जाने वालों को भी राहत मिलेगी। उनका समय बचेगा।
एलिवेटेड रोड 8.2 किमी हो जाएगा-
इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर फ्लाईओवर बन जाने के बाद से सीतापुर रोड पर जहां से मड़ियांव फ्लाईओवर शुरू होता है वहां से लेकर अयोध्या रोड तक लोगों को 8.2 किमी की एलिवेटेड रोड की सुविधा मिलेगी। अयोध्या रोड पर जाने के लिए यदि कोई मड़ियांव फ्लाईओवर पर चढ़ता है तो वह खुर्रम नगर और इंदिरा नगर में पहले से बने फ्लाईओवर से होता हुआ बिना किसी ट्रैफिक बाधा के पहुंच जाएगा। यही सुविधा उधर से आने वाले वाहनों के लिए होगी।




साइन इन