कोडीन कप सिरप कांड: नशेड़ियों को 55 की शीशी 160 रुपए में बेची; 25 हजार का इनामी सुमित अरेस्ट
कानपुर में क्राइम ब्रांच ने कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी मामले में 25 हजार के इनामी सुमित केसरवानी को गिरफ्तार किया। वह मेडिकल स्टोर से अवैध रूप से महंगे दामों पर नशीला सिरप बेच रहा था। लाइसेंस खत्म होने के बाद भी सप्लाई जारी थी। पुलिस नेटवर्क की जांच कर रही है।

कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी मामले में क्राइम ब्रांच ने 25 हजार रुपये के इनामी सुमित केसरवानी को कानपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सुमित बालाजी मेडिकल स्टोर चलाता है। जांच में सामने आया कि आरोपित लखनऊ की इदिका लैब साइसेंज से कोडीनयुक्त कफ सिरप खरीदता था। इसके साथ ही प्रति शीशी 55 रुपये लागत का कफ सिरप नशा करने वालों को 140 से 160 रुपये तक बेचता था। उसने शहर और आसपास के 74 मेडिकल स्टोर में कोडीनयुक्त कफ सिरप की सप्लाई की थी। हैरत की बात यह है कि इन दवाओं की सप्लाई वह रिटेल बिक्री लाइसेंस समाप्त होने की बाद भी कर रहा था। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
बिना डॉक्टर के पर्चे कफ सिरप की सप्लाई
डीसीपी क्राइम श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि अवैध कोडीनयुक्त सिरप के भंडारण के मामले में औषधि निरीक्षक ने 12 अक्तूबर 2025 को रायपुरवा के देवनगर स्थित बालाजी मेडिकल स्टोर में छापेमारी की थी। जांच में पाया गया कि औषधि की बिक्री ड्रग्स एंड कास्मेटिक एक्ट के प्रावधान का उल्लंघन करते हुए बिना वैध अभिलेख, बिना स्टॉक रजिस्टर और बिना डॉक्टर के पर्चे के कोडीनयुक्त कफ सिरप की सप्लाई की जा रही है।
बिलिंग और लेनदेन में हेरफेर
जांच में यह भी सामने आया कि मेडिकल स्टोर संचालक ने बिलिंग और लेनदेन में काफी हेरफेर किया। इसके साथ ही अवैध तरीके से कोडीनयुक्त 55,671 कफ सिरप, 1.20 लाख एल्प्राजोलम टैबलेट क्रय किया है। जिसमें 2100 बोतलें व 10,800 टैबलेट औषधि निरीक्षक ने जब्त किए थे। औषधि निरीक्षक की तहरीर पर रायपुरवा देवनगर निवासी मेडिकल स्टोर संचालक सुमित केसरवानी के खिलाफ रायपुरवा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। छापा पड़ने के बाद से ही आरोपित फरार चल रहा था।
सुमित केसरवानी पर 25 हजार का इनाम
कमिश्नरेट पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। जिसके बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच को दी गई। डीसीपी क्राइम श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ किदवई नगर और रायपुरवा में दो मुकदमे दर्ज हैं। जांच चल रही है, जो भी सामने आएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई होगी
क्राइम ब्रांच प्रभारी सूर्यबली पांडेय ने बताया कि आरोपित ने कोडीनयुक्त सिरप कारोबार के सरगना विनोद अग्रवाल से भी 1.59 लाख रुपये की दवाएं खरीदी थीं। इसमें 228 बोतल जिनसीरैक्स सिरप खरीदे थे। इसके साथ ही अन्य दूसरी दवाएं ली थीं। क्राइम प्रभारी ने बताया कि लखनऊ की इदिका लैब पर भी अवैध भंडारण करने के मामले में लखनऊ के सरोजनी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
काशी से अमित यादव अरेस्ट
वहीं इसी केस में वाराणसी से सटीएफ के लखनऊ यूनिट की टीम ने शनिवार शाम हरहुआ के काशीधाम से कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी में सरगना शुभम जायसवाल के नजदीकी सपा नेता अमित यादव को गिरफ्तार किया। बड़ा गणेश मंदिर (मैदागिन) निवासी अमित यादव समाजवादी पार्टी के युवजन सभा के प्रदेश सचिव रह चुके हैं।




साइन इन