cm yogi to inaugurate eastern up s first center of excellence ai workshop farmers honored पूर्वी यूपी के पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन करेंगे CM योगी, AI वर्कशॉप; किसानों का सम्मान, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

पूर्वी यूपी के पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन करेंगे CM योगी, AI वर्कशॉप; किसानों का सम्मान

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उभरती प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब, ड्रोन टेक्नोलॉजी लैब, थ्री-डी प्रिंटिंग लैब और स्पेस टेक्नोलॉजी लैब भी हैं। यहां कौशल विकास से नवाचार को प्रेरित किया जाएगा, जिससे स्टार्टअप्स को बढ़ावा बढ़ावा मिलेगा।

Wed, 15 April 2026 07:14 AMAjay Singh वरिष्ठ संवाददाता, गोरखपुर
share
पूर्वी यूपी के पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन करेंगे CM योगी, AI वर्कशॉप; किसानों का सम्मान

UP News : सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखपुर के महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) में टाटा कंसल्टेंसी सर्विस (टीसीएस) के सहयोग से बने पूर्वी उत्तर प्रदेश के पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर टीसीएस एवं टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन भी उपस्थित रहेंगे। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के उद्घाटन पर ‘एआई अवेयरनेस फॉर आल’ ट्रेनिंग वर्कशॉप का भी शुभारंभ होगा। गोरखपुर के ही एमजीयूजी में विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश 2047 के विजन पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और किसानों को सम्मानित भी करेंगे।

एमपीआईटी में करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित हुआ है। कॉम्प्लेक्स में ड्रोन टेक्नोलॉजी एंड थ्री डी प्रिंटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्पेस टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्युरिटी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्युरिटी, ड्रोन टेक्नोलॉजी, स्पेस टेक्नोलॉजी, थ्री डी प्रिंटिंग समेत एकीकृत पाठ्यक्रम संचालित होंगे। एमपीआईटी के निदेशक सुधीर अग्रवाल का कहना है कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उभरती प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब, ड्रोन टेक्नोलॉजी लैब, थ्री-डी प्रिंटिंग लैब और स्पेस टेक्नोलॉजी लैब शामिल हैं। यहां कौशल विकास से नवाचार को प्रेरित किया जाएगा, जिससे स्टार्टअप्स को बढ़ावा बढ़ावा मिलेगा और रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी। एमपीआईटी के प्रिंसिपल अनिल प्रकाश सिंह ने बताया कि वर्कशॉप में प्रतिभागियों की संख्या के लिहाज से विश्व कीर्तिमान रचने की भी तैयारी की गई है। एमपीआईटी के मीडिया प्रभारी माधवेंद्र राज ने बताया कि इस अवसर पर शिक्षण, नवाचार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए हुए नए-नए स्टार्टअप द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया जा सकेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP Weather: यूपी में आज पांचवां विक्षोभ देगा दस्तक, 18 के बाद चढ़ेगा तापमान

पूर्वी यूपी के ये संस्थान भी होंगे लाभान्वित

एमपीआईटी के सभी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस समूचे पूर्वी उत्तर प्रदेश के तकनीकी शिक्षण संस्थानों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में काम करेंगे। इन संस्थानों में एमएमएमयूटी, राजकीय पॉलिटेक्निक , राजकीय महिला पॉलिटेक्निक , महामाया राजकीय पॉलिटेक्निक हरिहरपुर खजनी, नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी गोरखपुर सेंटर, महाराणा प्रताप पॉलिटेक्निक आदि शामिल हैं।

‘एआई ट्रेनिंग वर्कशॉप का भी होगा शुभारंभ

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के उद्घाटन के साथ ही शुरू होने वाले 60 दिवसीय एआई अवेयरनेस फॉर आल ट्रेनिंग वर्कशॉप में एआई का परिचय, जेनेरेटिव एआई टूल्स, प्रॉम्प्टिंग एंड प्रोडक्टिविटी, रिस्पांसिबल एआई यूज, साइबर हाइजीन, फ्रॉड प्रिवेंशन के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण प्राप्त होगा। वहीं एआई अवेयरनेस फॉर फार्मर्स वर्कशॉप में कृषि में एआई, मौसम और फसल योजना की व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में प्रतिबंधित गेमिंग ऐप का क्लोन बनाकर सौ करोड़ की ठगी, गैंग का पर्दाफाश
ये भी पढ़ें:यूपी में प्रेमी-प्रेमिका का सुसाइड, लड़की की 20 अप्रैल को होनी थी शादी
ये भी पढ़ें:यूपी में बिजली विभाग का 7 दिन का खास अभियान, घर-घर पहुंचेंगे अधिकारी-कर्मचारी

एमजीयूजी में छात्रों-किसानों का सम्मान

सीएम योगी बुधवार को एमजीयूजी में विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश 2047 के विजन पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और किसानों को सम्मानित भी करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और विशिष्ट अतिथि के रूप में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के एमडी एवं सीईओ के कृतवासन उपस्थित रहेंगे।

विश्वविद्यालय के ऑडोटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष एमजीयूजी और सेंटर ऑफ मेडिकल इनोवेशन गवर्नमेंट इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ग्रेटर नोएडा के साथ एक एमओयू का भी आदान प्रदान होगा। इस अवसर पर एआई अवेयरनेस फॉर आल कार्यक्रम में योगदान देने वाले 13 विद्यार्थियों और हैकाथॉन के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही एआई फॉर फार्मर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़े 5 किसानों को भी सम्मानित किया जाएगा। कुलसचिव डॉ. प्रदीप कुमार राव ने बताया कि विश्वविद्यालय आठ संकायों के माध्यम से 43 कार्यक्रम संचालित कर रहा है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।