सीएम योगी कल से 4 दिन के लिए जा रहे सिंगापुर-जापान, 33 कंपनियों के प्रतिनिधियों से करेंगे मुलाकात
सीएम योगी आदित्यनाथ कल से 4 दिन के लिए सिंगापुर-जापान जा रहे हैं। सिंगापुर और जापान प्रवास के दौरान 33 वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर प्रदेश में निवेश, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विस्तार के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी को मैन्युफैक्चरिंग हब आफ इंडिया बनाने का लक्ष्य लेकर रविवार को सिंगापुर और जापान के चार दिवसीय दौरे के लिए रवाना होंगे। 2017 में म्यांमार की यात्रा के बाद मुख्यमंत्री फिर विदेशी दौरे पर होंगे, जो प्रदेश की निवेश कूटनीति और औद्योगिक विस्तार की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री 23 व 24 फरवरी को सिंगापुर और 25 व 26 फरवरी को जापान प्रवास के दौरान 33 वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर प्रदेश में निवेश, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विस्तार के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री जी-टू-बी (गवर्नमेंट टू बिजनेस) बैठकों और राउंड टेबल मीटिंग के जरिए निवेशकों से प्रदेश की औद्योगिक नीति, भूमि बैंक, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, लॉजिस्टिक्स व्यवस्था और कौशल विकास से जुड़े पहलुओं पर सीधे संवाद करेंगे। वह निवेशकों से प्रदेश के औद्योगिक रोडमैप, नीति स्थिरता और कारोबारी संभावनाओं पर स्पष्ट और परिणाम केंद्रित बातचीत करेंगे। प्रवासी भारतीयों और उत्तर प्रदेश वासियों को संबोधित करने के साथ मुख्यमंत्री स्कूली बच्चों से भी संवाद करेंगे और प्रदेश की विकास यात्रा साझा करेंगे।
सिंगापुर में इन कंपनियों संग होगी चर्चा
मुख्यमंत्री सिंगापुर प्रवास के दौरान 25 कंपनियों के प्रतिनिधियों से मिलेंगे। गूगल और एसटीटी ग्लोबल जैसे निवेशकों के साथ डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर, जापफा ग्रुप और ओलम इंटरनेशनल के साथ एग्रीबिजनेस, मैपलट्री और एआई सैट्स के साथ लाजिस्टिक्स नेटवर्क तथा एवीपीएन, जीएससी ग्रीन्स और ईडीपीआर सनसीप के साथ क्लीन व सौर ऊर्जा निवेश पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा ग्रीनफील्ड वेंचर्स और ड्रीमट्रस्ट के साथ हॉस्पिटैलिटी व थीम पार्क, यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप के साथ पैकेजिंग, सेम्बकॉर्प के साथ इंडस्ट्रियल पार्क और सिंगापुर एयरलाइंस इंजीनियरिंग कंपनी के साथ एविएशन क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। टेमासेक, जीआईसी और ब्लैकस्टोन जैसे वैश्विक निवेश फंड्स के साथ पूंजी निवेश, जबकि फुलर्टन फाइनेंशियल, डीबीएस बैंक और वर्टेक्स वेंचर्स के साथ फिनटेक व स्टार्टअप सहयोग पर भी बात होगी।
जापान में आठ कंपनियों के प्रतिनिधियों से करेंगे वार्ता
जापान प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री आठ प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। कुबोटा और सुजुकी के साथ आटोमोबाइल निवेश, टोक्यो इलेक्ट्रान के साथ सेमीकंडक्टर, तोशिबा के साथ इलेक्ट्रानिक्स मैन्युफैक्चरिंग तथा टोयो डेंसो, जापान एविएशन इलेक्ट्रानिक्स और नागासे एंड कंपनी के साथ आटोमोबाइल सप्लाई चेन सहयोग प्रमुख एजेंडा रहेंगे। कनाडेविया के साथ ग्रीन हाइड्रोजन और मारुबेनी के साथ हास्पिटैलिटी व रियल एस्टेट निवेश पर भी चर्चा होगी।




साइन इन