फिल्म 'कृष्णावतारम' की टीम सीएम योगी से मिली; मथुरा से लांच हुआ था ट्रेलर, 7 मई को होगी रिलीज
फिल्म 'कृष्णावतारम' की टीम ने लखनऊ में सीएम योगी से मुलाकात कर अपनी आगामी फिल्म के लिए आशीर्वाद लिया। कलाकारों ने मथुरा से ट्रेलर लांच होने की जानकारी दी और सीएम के मार्गदर्शन की सराहना की। यह फिल्म सनातन संस्कृति पर आधारित है और 7 मई को रिलीज होगी।

UP News: फिल्म 'कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट (हृदयम)' की स्टार कास्ट और मेकर्स ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान निर्देशक हार्दिक गज्जर, निर्माता सज्जन राजगुरु, अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता और अभिनेत्री संस्कृति जयना मौजूद रहे। टीम ने मुख्यमंत्री से अपनी फिल्म को लेकर चर्चा की और सीएम योगी का मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मुलाकात के बाद अभिनेत्री संस्कृति जयना ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उनकी फिल्म का ट्रेलर दो दिन पहले ही भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा से लांच किया गया था। कहा कि चूंकि हमने फिल्म की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कर्मभूमि (उत्तर प्रदेश) से की है, इसलिए हम उनका आशीर्वाद लेने आए थे। हमारे करियर की यह शुरुआत है, ऐसे में मुख्यमंत्री जी का मार्गदर्शन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। एक युवा होने के नाते हम अपनी जिम्मेदारी समझते हैं और इस फिल्म के जरिए युवाओं तक एक खास संदेश पहुंचाना चाहते हैं।
सनातनियों को पसंद आएगी फिल्म: सिद्धार्थ गुप्ता
फिल्म के अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता ने मुख्यमंत्री से मुलाकात को अपना सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमें काफी समय दिया और हमारा मार्गदर्शन किया। हम इस मुलाकात से बेहद उत्साहित हैं। हमें पूरा विश्वास है कि यह फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी। विशेष रूप से 'सनातनियों' के लिए यह फिल्म काफी खास होने वाली है और उन्हें यह बहुत पसंद आएगी।
7 मई को सिनेमाघरों में देगी दस्तक
निर्माताओं के अनुसार, 'कृष्णावतारम' एक बड़े कैनवास पर रची गई फिल्म है जो आधुनिक संदर्भों और सांस्कृतिक जड़ों को जोड़ती है। फिल्म की टीम उत्तर प्रदेश में फिल्म निर्माण के अनुकूल माहौल और मुख्यमंत्री के विजन की भी सराहना की। यह फिल्म 7 मई को देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
फिल्म निर्माण के लिए यूपी बना पसंदीदा हब
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई इस मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। फिल्म के मेकर्स ने यूपी की फिल्म नीति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में अब शूटिंग के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं और सुरक्षा का माहौल उपलब्ध है। निर्देशक हार्दिक गज्जर ने बताया कि 'कृष्णावतारम' जैसी फिल्मों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक तकनीक के साथ पर्दे पर उतारने का प्रयास किया गया है। मुख्यमंत्री ने भी युवा कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सार्थक और प्रेरणादायक सिनेमा बनाने के लिए प्रेरित किया। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नोएडा में विकसित की जा रही फिल्म सिटी के बीच, इस तरह की बड़ी फिल्मों की टीम का लखनऊ आना राज्य के बढ़ते 'सिने-इकोसिस्टम' को दर्शाता है।




साइन इन