gorakhpur yogi adityanath janta darshan instructions to officers जनता के प्रति संवेदनशीलता दिखाएं, समस्याओं पर सीएम योगी का अफसरों को कड़ा निर्देश, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

जनता के प्रति संवेदनशीलता दिखाएं, समस्याओं पर सीएम योगी का अफसरों को कड़ा निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान 200 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील होने और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का निर्देश दिया।

Fri, 17 April 2026 12:11 PMYogesh Yadav गोरखपुर हिन्दुस्तान
share
जनता के प्रति संवेदनशीलता दिखाएं, समस्याओं पर सीएम योगी का अफसरों को कड़ा निर्देश

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन भी जनता के बीच नज़र आए। शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित 'जनता दर्शन' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को दो टूक लहजे में हिदायत दी कि जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाएं और लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हर समस्या का होगा प्रभावी समाधान

जनता दर्शन में पहुंचे करीब 200 लोगों के बीच खुद चलकर पहुंचे मुख्यमंत्री ने बारी-बारी से सबकी बातें सुनीं। उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्र अपने हाथों में लिए और उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा, “घबराइए मत, सरकार आपकी हर समस्या का प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराएगी।” मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्या से जुड़ी किसी भी शिकायत पर केवल खानापूर्ति न की जाए, बल्कि गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक समाधान जमीन पर दिखना चाहिए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तीन साल से जमे कर्मचारी हटेंगे, इन्हें राहत; योगी सरकार की नई ट्रांसफर पॉलिसी

इलाज के लिए धन की नहीं होगी कमी

कार्यक्रम में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उनसे कहा कि धन के अभाव में किसी भी नागरिक का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने मौके पर मौजूद जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज के लिए जरूरी 'इस्टीमेट' की प्रक्रिया को तेज किया जाए। सीएम ने कहा, “जैसे ही अस्पताल से इस्टीमेट प्राप्त हो, उसे शासन को भेजें, सरकार तत्काल बजट जारी करेगी।” उन्होंने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों को भी संबंधित अधिकारियों को हस्तगत करते हुए पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए।

आवास की समस्या पर त्वरित कार्रवाई

कुछ महिलाओं ने आवास न होने की व्यथा मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि सरकार हर जरूरतमंद को प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान देने के लिए संकल्पित है। उन्होंने निर्देश दिया कि जो भी पात्र व्यक्ति किन्हीं कारणों से अब तक आवास की सुविधा से वंचित रह गए हैं, उनका सर्वे कर उन्हें जल्द से जल्द योजना का लाभ दिलाया जाए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:योगी मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी तेज, नई टीम को लेकर दिल्ली में देर रात तक मंथन
ये भी पढ़ें:नए स्टार्टअप को योगी सरकार ने दी एक और बड़ी छूट, दस साल तक इस काम से राहत

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री का जोर इस बात पर रहा कि कोई भी फरियादी कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर होना चाहिए ताकि पीड़ित को वास्तविक राहत महसूस हो।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।