केन्द्र और प्रदेश सरकार की जनप्रतिनिधियों ने गिनाईं उपलब्धियां
Chitrakoot News - चित्रकूट में सभी ब्लाक मुख्यालयों पर जनकल्याण स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर सेवा, सुशासन, और जनहित योजनाओं की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य संबंधी स्टालों का अवलोकन किया और सरकार की योजनाओं से लोगों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया।
चित्रकूट, संवाददाता। जिले के सभी ब्लाक मुख्यालयों में समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के तहत जनकल्याण स्वास्थ्य मेलों का आयोजन हुआ। केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संस्कार, सुशासन एवं सम्मान तथा जनसामान्य के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को प्रदर्शित किया गया।रामनगर में पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्र, बीडीओ राजेश तिवारी, कर्वी में भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, बीडीओ महिमा विद्यार्थी, मानिकपुर में पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, ब्लाक प्रमुख अरविंद मिश्रा, मऊ में ब्लाक प्रमुख सुशीला देवी एवं पहाड़ी में ब्लाक प्रमुख सुशील द्विवेदी, डा जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में कार्यक्रम हुए।
जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों के लगाए गए विकास एवं स्वास्थ्य संबंधी स्टालों का अवलोकन किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्ण संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की जनहितैषी योजनाओं से लाभान्वित करें। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं व 12 वर्ष की उपलब्धियां गिनाई। अवगत कराया कि प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के तहत आम जनमानस को अत्यंत किफायती दरों पर उच्च गुणवत्तायुक्त दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाया जा रहा है, जिससे वह आत्मनिर्भर होकर लखपति दीदी के रूप में स्थापित हो रही हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में जिला चिकित्सालय एवं सीएचसी में 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए एचपीवी वैक्सीन नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का अंतिम ध्येय समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। डबल इंजन की सरकार सबका साथ, सबका विकास के मूल मंत्र के साथ अंत्योदय के संकल्प को सिद्ध कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन