IAS दामाद के धोखे में 45 लाख खर्च कर करा दी शादी, गोवा में बिकते-बिकते बची बेटी
शादी-ब्याह में धोखे की खबरें आए दिन आ रही हैं। गोरखपुर में एक लड़की और उसके परिवारवालों के साथ ऐसा धोखा हुआ है कि हर कोई सन्न रह गया। यहां एक फर्जी आईएएस ने अच्छा-खासा दहेज लिया, शादी के आयोजन पर 30 लाख से अधिक खर्च कराया और शादी के बाद दुल्हन को गोवा में बेचने की तैयारी कर ली।

UP News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बेटी वाले एक परिवार के साथ बड़ा धोखा हो गया। आईएएस दामाद के धोखे में इस परिवार ने अपनी बेटी की शादी इटावा के रहने वाले एक फर्जी शख्स के साथ करा दी। गोरखपुर के नंदानगर इलाके के एक लॉन में धूमधाम से विवाह की रस्में हुईं। शादी में परिवार ने 15 लाख रुपये दहेज दिया और करीब 30 लाख रुपये आयोजन पर खर्च किए। इस तरह कुल 45 लाख रुपए खर्च किए गए। इतने सब के बाद भी परिवार खुश था कि बेटी का रिश्ता अच्छी जगह हो गया लेकिन बेटी की विदाई के बाद जब युवक के फर्जीवाड़े की पोल खुली तो सब सन्न रह गए। परिवार के लोग आनन-फानन में इटावा पहुंचे। वहां बेटी एक कमरे के मकान में मिली। पता चला कि उसे गोवा ले जाकर बेचने की प्लानिंग थी। फर्जी आईएसए बना युवक और उसकी बहन लड़की के परिजनों को देखते ही फरार हो गए। बेटी को घर लेकर आने के बाद पिता ने कैंट थाने में युवक, उसकी बहन और अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मोहद्दीपुर निवासी एक परिवार अपनी पुत्री के लिए रिश्ता तलाश रहा था। निषाद विवाह ग्रुप के माध्यम से उन्हें इटावा लुधियात मोहल्ला इकदिल के प्रीतम कुमार निषाद पुत्र शिवपाल सिंह निषाद का बायोडाटा मिला। संपर्क करने पर प्रीतम ने खुद को आईएएस अधिकारी बताते हुए मानिकपुर में तैनाती की बात कही। विश्वास दिलाने के लिए उसने न्यूज चैनल पर दिए गए कथित इंटरव्यू, ऑफिस और कुछ नेताओं के साथ अपनी फोटो और वीडियो भी भेजी। प्रीतम ने कहा कि वह बिना दहेज के शादी करेगा लेकिन लड़की पसंद आनी चाहिए।
परिवार को आईएएस दामाद मिल रहा था, लिहाजा रिश्ता तत्काल पसंद आ गया। सगाई और विवाह की तारीख तय हो गई। लेकिन सगाई से तीन दिन पहले लड़के ने शादी में खर्च के नाम पर 15 लाख रुपये की मांग कर दी। मजबूरी में परिवार ने सगाई के दिन 10 लाख रुपये नकद दिए, जबकि शेष 5 लाख रुपये शादी के दिन तिलक में दिए। इस दौरान युवक ने कहा कि घर-गृहस्थी का सारा सामान बाद में दीजिएगा, क्योंकि हमारी पोस्टिंग बाहर ही रहती है। 11 मार्च 2026 को नंदानगर स्थित मैरिज लॉन में धूमधाम से शादी हुई, जिसमें पीड़ित ने करीब 30 लाख रुपये खर्च किए। बारातियों के ठहरने की व्यवस्था मोहद्दीपुर स्थित एक होटल में की गई थी।
गोवा ले जाकर बेचने की थी तैयारी
दुल्हन बनकर गई युवती ने घर लौटने के बाद बताया कि रास्ते में आरोपी उसे गोवा ले जाकर बेचने की योजना बना रहा था और उससे अभद्र व्यवहार भी कर रहा था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी एक शातिर जालसाज है, जो फर्जी पद व दस्तावेजों के जरिए लोगों को ठगता है और लड़कियों की तस्करी में भी शामिल हो सकता है।
इसी तरह पहले भी कर चुका है दो शादियां
पीड़ित ने बताया कि 12 मार्च को बारात विदा होने के बाद शादी में आए व्यक्ति से जानकारी मिली कि युवक आईएएस नहीं है। इसके बाद परिजन उसके बताए गए पते पर पहुंचे तो वहां एक छोटे से कमरे में उनकी बेटी मिली, जबकि आरोपी प्रीतम और उसकी बहन मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों से पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी दो शादियां फर्जी पहचान के आधार पर कर चुका है।
क्या बोली पुलिस
गोरखपुर के एसएसपी डॉ.कौस्तुभ ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है परिवार के आरोपों की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन