पारा पहुंचा 43 डिग्री, गर्मी से दिनभर झुलसते रहे राहगीर
Chandauli News - पीडीडीयू नगर, वरिष्ठ संवाददाता। जिले में मौसम काफी तल्ख हो गया है। अप्रैल माह
Mon, 20 April 2026 11:34 PMNewswrap हिन्दुस्तान, चंदौली
पीडीडीयू नगर, वरिष्ठ संवाददाता। जिले में मौसम काफी तल्ख हो गया है। अप्रैल माह के तीसरे सप्ताह में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सोमवार को भी तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जिससे घर से बाहर सड़कों पर निकलना कठिन हो गया है। तेज धूप और पछुआ हवाओं के प्रभाव से गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह नौ बजे से ही तापमान में अप्रत्याशित बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे लोगों को दिन की शुरुआत से ही लू जैसे हालात का सामना करना पड़ रहा है।
सुबह 11 बजे के बाद से घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। शाम 4 बजे तक तो सड़कों पर आवाजाही लगभग ठप रही। लोग जरूरी काम से ही बाहर निकले या काम को शाम तक टाल दिए। बाजारों में भी इसका असर दिख रहा है और सन्नाटा पसर जा रहा है। दुकानदार भी अपनी दुकानों पर आराम करते नजर आए।
लाचारगी में स्कूली बच्चे स्कूल जाते या लौटते नजर आए। अभिभावकों के साथ जो बच्चे स्कूल जाते या लौटते नजर आए वह तो सिर कपड़े या छाते की छांव में दिखे लेकिन जो बच्चे अकेले रहे वह थोड़ा बेपरवाह नजर जाए। ठेला खोमचा पर आम का पन्ना, नींबू पानी लोग पीते नजर आए। सबसे अधिक परेशानी राहगीरों, कामगारों और यात्रियों को आवागमन में परेशानी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल वातावरण में नमी की कोई संभावना नहीं है। जिससे राहत मिलने के आसार भी कम हैं। पछुआ हवाएं तेज रफ्तार से चल रही हैं। जो गर्मी को और अधिक तीव्र बना रही हैं और लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। गर्मी के इस प्रचंड रूप का असर सबसे अधिक बच्चों, बुजुर्गों और मजदूर वर्ग पर पड़ रहा है। मौसम के तेवर को देखते हुए आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद कम ही नजर आ रही है। यदि तापमान में इसी तरह वृद्धि होती रही तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन