यूपी में 25 साल पुराने मंदिर पर चला बुलडोजर, नायब तहसीलदार ने हटाई मूर्ति, हाथ जोड़े खड़ी रहीं SDM
सीतापुर में बुलडोजर कार्रवाई से हड़कंप मच गया। 25 साल पुराने मंदिर को बुलडोजर से गिरा दिया गया। नायब तहसीलदार ने खुद मंदिर पर छेनी-हथौड़ी चलाई। इस दौरान एसडीएम हाथ जोड़े खड़ी रहीं।

Sitapur News: यूपी के सीतापुर में बुलडोजर कार्रवाई हुई। नगर के चुंगी चौराहे पर स्थित दुर्गा मंदिर को प्रशासन ने रविवार को प्राइवेट जेसीबी से गिरा दिया। नायब तहसीलदार ने स्वयं ही हथौड़ी और छेनी लेकर मूर्तियों को हटाने की प्रक्रिया की। मूर्तियों को हटाने के बाद दूसरे शक्ति मंदिर में रखवा दिया गया। इसके बाद मंदिर को तोड़ा गया। इस दौरान एसडीएम हाथ जोड़े खड़ी रहीं। मंदिर लगभग 25 साल पुराना है। जिसे सड़क चौड़ीकरण की वजह से हटाया गया है। वहीं मंदिर को तोड़े जाने के समय एडीएम और भारी मात्र में पुलिस बल तैनात रहा।
कैप्टन मनोज पांडे चौक पर सड़क का चौड़ीकरण किया जाना है। इसी चौराहे से 10-12 मीटर की दूरी पर 25 साल पुराना एक दुर्गा मंदिर है। रविवार की सुबह प्रशासनिक अधिकारी चौराहे पर पहुंचे। जहां नायब तहसीलदार महेंद्र तिवारी ने हथौड़ी-छेनी उठाई और मंदिर के अंदर रखी मूर्तियों को हटाने की प्रक्रिया की। मूर्तियां हटाने के बाद मंदिर को तोड़ने के लिए कहा गया, लेकिन पालिका के जेसीबी ड्राइवर ने मंदिर तोड़ने से मना किया। ऐसे में प्राइवेट जेसीबी की मदद ली गई और मंदिर को तोड़ दिया गया।
नए स्थान पर स्थापित होगी मूर्ति
मंदिर में स्थापित मूर्तियों को 100 मीटर दूर शक्ति मंदिर में रखवाया गया है। महज 10 मिनट के अंदर मंदिर के ढांचे को गिराने के बाद उसका मलबा भी हटवा दिया गया है। दो दिनों के अंदर मूर्ति को नए स्थान पर स्थापित कर दिया जाएगा इस कार्रवाई के दौरान एडीएम नीतीश कुमार सिंह, एसडीएम दामिनी एम दास समेत भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। एडीएम नीतीश सिंह ने बताया कि मंदिर के पुजारी और ज्यादातर स्थानीय लोगों की सहमति के बाद ही यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, कुछ स्थानीय नागरिकों ने इस कार्रवाई पर नाराजगी भी जताई है। मंदिर हटाए जाने के बाद प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है।
गोरखपुर में जाफर अली शाह की मजार पर चला बुलडोजर
इसी तरह दो दिन पहले गोरखपुर में हजरत बाबा जाफर अली शाह ‘मासूम’ की मजार पर बुलडोजर चलाया गया। जानकारी के अनुसार, शाहपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी के निकट गोड़धोईया पुल के पास सरकारी जमीन पर मजार बनी थी। इसको बुलडोजर से हटवा दिया गया। मजार पर बुलडोजर कार्रवाई का महिलाओं ने विरोध किया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की मौजूदगी में हुई लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। जब प्रशासन का बुलडोजर मजार के पास पहुंचा, तो आवास विकास कॉलोनी और आसपास के इलाकों के पुरुष और महिलाएं वहां बड़ी संख्या में जुट गए।




साइन इन