मेरठ में बुलडोजर पर लगी ब्रेक, सांसद अरुण गोविल के आश्वासन पर 2 दिन बाद खुला सेंट्रल मार्केट
मेरठ के सेंट्रल मार्केट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हुए अवैध कॉम्पलेक्स के ध्वस्तीकरण को लेकर व्यापारियों का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और बाजार बंद मंगलवार शाम को समाप्त हो गया। दिनभर आंदोलन चला और शाम को सांसद अरुण गोविल ने दुकान का शटर उठाकर बाजार खुलवाया।

मेरठ के सेंट्रल मार्केट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अवैध कॉम्पलेक्स के ध्वस्तीकरण के बाद 31 अन्य निर्माणों को ध्वस्तीकरण से बचाने के लिए व्यापारियों का चल रहा धरना-प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन बाजार बंद, सांसद अरुण गोविल और कैंट विधायक अमित अग्रवाल के अब बुलडोजर नहीं चलने के आश्वासन के बाद मंगलवार शाम खुल गया। उन्होंने धरना स्थल के पीछे दुकान का शटर खुद उठाकर बंद बाजार को खुलवा दिया। इससे पहले सेंट्रल मार्केट में दिनभर धरना चलता रहा। दोपहर में महिलाओं और व्यापारियों ने संयुक्त रूप से शांति मार्च निकालकर आवास विकास परिषद के खिलाफ आक्रोश जताया।
मंगलवार को लगातार दूसरे दिन सेंट्रल मार्केट बाजार को बंद कर व्यापारी धरने पर बैठे रहे। शहर के दूसरे बाजारों से एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी भी धरने में शामिल हुए। दोपहर में महिलाओं, व्यापारियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर नारेबाजी करते हुए पूरे सेंट्रल मार्केट-शास्त्रीनगर में शांति मार्च निकाला। इसमें एआईएमआईएम, कांग्रेस, सपा नेता भी शामिल हुए। शाम को सांसद अरुण गोविल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, मेयर हरिकांत अहलूवालिया, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, भाजपा क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष विजेंद्र अग्रवाल, संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता एवं नवीन गुप्ता सेंट्रल मार्केट पहुंचे।
मेयर हरिकांत अहलूवालिया ने कॉम्पलेक्स ध्वस्तीकरण से उजड़े 22 व्यापारियों को नगर निगम के नई सड़क पर बनने वाले मिनी मॉल में जगह देने की घोषणा की। कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि कमिश्नर के साथ हुई बैठक में कई बिंदुओं पर सहमति बनी, जिसमें मुख्य रूप से फिलहाल चिह्नित 31 निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई का स्थगनादेश जारी करने, ध्वस्त किए कॉम्पलेक्स के स्थान पर अस्थाई तौर पर केनॉपी लगाकर व्यापार करने, सेंट्रल मार्केट को स्ट्रीट बाजार का दर्जा देने की जानकारी दी। सांसद अरुण गोविल ने सोमवार शाम लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई मुलाकात और उसके बाद कमिश्नर मेरठ से जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों के साथ वार्ता के बाद निकले सकारात्मक परिणामों की जानकारी दी।
सांसद अरुण गोविल ने व्यापारियों को भरोसा दिया कि अब यहां बुलडोजर कार्रवाई नहीं होगी। उन्होंने धरनास्थल के पीछे दुकान का शटर खुद उठाया और अपील करते हुए बंद सेंट्रल मार्केट को खुलवा दिया। सांसद और विधायक के आश्वासन के बाद सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों ने अनिश्चितकालीन बाजार बंदी वापस ले ली।
मेन सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ अध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल, महामंत्री निमित जैन ने जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों एवं आम जनता के सहयोग के लिए सभी का आभार जताया। इस दौरान नवीन अरोड़ा, अनुज सिंघल, सरदार राजवीर सिंह रहे। जैसे ही सांसद अरुण गोविल ने कहा कि खोलिए शटर और बांटिए लड्डू, हम व्यापारियों के साथ, अब नहीं होगा नुकसान। इसी के साथ बंद पूरा सेंट्रल मार्केट खुल गया। जय श्री राम के नारे गूंज उठे। मिठाई मंगवाकर लड्डू खिलाकर व्यापारियों का मुंह मीठा कराया।




साइन इन