ब्लॉक, तहसील और मुख्यालय के पास बनाएं हेलीपैड, सड़क बनाने का भी प्रस्ताव हफ्तेभर में दें: सीएम योगी
सीएम योगी ने ब्लॉक, तहसील और मुख्यालय के पास हेलीपैड बनाएं। सड़कें बनाने के लिए सभी जिलों से एक सप्ताह में कार्ययोजनाएं भेजने और जून के पहले सप्ताह में उन्हें स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं।

Yogi News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़कें बनाने के लिए सभी जिलों से एक सप्ताह में कार्ययोजनाएं भेजने और जून के पहले सप्ताह में उन्हें स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालयों के पास हेलीपैड बनाने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लोक निर्माण विभाग के वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए कहा कि कामों की गुणवत्ता बेहतर रखी जाए। हर परियोजना के लिए एक नोडल अधिकारी नामित करें। यह भी सुनिश्चित करें कि परियोजनाओं का शिलान्यास और भूमि पूजन जनप्रतिनिधि ही करें। विभागीय कमियों या ठेकेदारों की गलतियों की जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों की नहीं होगी। सड़क, पुल और संपर्क मार्ग केवल आवागमन के साधन नहीं होते, बल्कि वे व्यापार, रोजगार और सामाजिक विकास को गति देने का माध्यम भी बनते हैं।
लोक निर्माण विभाग जिलों में टीम भेजकर कामों का निरीक्षण करवाए
प्रस्ताव तैयार करते समय ‘पिक एंड चूज’ से बचें। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल जुड़े डीएम व सीडीओ को निर्देश दिए कि पिछले साल स्वीकृत परियोजनाओं की समीक्षा करें और प्रगति रिपोर्ट शासन को भेजें। लोक निर्माण विभाग जिलों में टीम भेजकर कामों का निरीक्षण करवाए।
हेलीपैड के इस्तेमाल पर शुल्क लें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आपात परिस्थितियों को देखते हुए हेलीपैड निर्माण को भी जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा, स्वास्थ्य आपातकाल या अन्य संकट की स्थिति में हेलीपैड बेहद उपयोगी होते हैं। इनके रखरखाव पर लोक निर्माण विभाग ध्यान दे। इनके प्रयोग के लिए निर्धारित शुल्क लिए जाएं। मुख्यमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों के कारण ईंधन व बिटुमेन की उपलब्धता पर पड़ रहे प्रभाव का उल्लेख करते हुए लोक निर्माण विभाग को तकनीकी नवाचार अपनाने के निर्देश दिए।
सीसी रोड बनाएं
दो किलोमीटर तक के ग्रामीण मार्गों पर आवश्यकता अनुसार गुणवत्तापूर्ण सीसी रोड का निर्माण कराया जाए। साथ ही बिटुमेन की खपत कम करने के लिए जीएसबी के स्थान पर सीटीएसबी (सीमेंट ट्रीटेड सबबेस) व डब्ल्यूएमएम के स्थान पर सीमेंट ट्रीटेड बेस तकनीक को प्राथमिकता से अपनाया जाए ।
सीएम ग्रिड योजना की गति करें तेज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर विकास विभाग की ‘सीएम ग्रिड’ योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह शहरी कनेक्टिविटी को मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है, लेकिन इसकी गति और तेज करने की आवश्यकता है।
30 हजार से ज्यादा प्रस्ताव मिले
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभाग के 17 मदों के तहत चालू वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए अब तक 30,000 से अधिक प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।




साइन इन