बदायूं डबल मर्डर: सब ठाकुर हैं, भाई-बंधु सब उनके हैं; चीख-चीखकर बोलीं हर्षित मिश्रा की मां
बदायूं डबल मर्डर में मारे गए डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा की मां का आरोप है कि सब मिलीभगत है, सब ठाकुर हैं और उनके भाई-बंधु हैं। वहां किसी और को खरोच तक क्यों नहीं आई? उन्होंने कंपनी के अधिकारियों के साथ डीएम व एसएसपी पर भी आरोप लगाए।

Crime News: बदायूं डबल मर्डर (Badaun Double Murder) में मारे गए डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा की मां रानी का आरोप है कि सब मिलीभगत है, सब ठाकुर हैं और उनके भाई-बंधु हैं। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों के साथ डीएम व एसएसपी पर भी आरोप लगाए। कहा कि उनके बेटे को लगातार धमकी मिल रही थीं। डीएम व एसससपी से सुरक्षा मांगी थी। कई बार मिलने भी गये थे लेकिन दोनों अधिकारियों के कान में जूं नहीं रेंगी। यह सब मिले हुए हैं।
हर्षित मिश्रा की मां ने बिलखते हुए न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा, ‘धमकी मिल रही थी, एसपी को बताया और DM के पास भी गए। विधायक के भी पास गए। सबके पास गए और वो जब जाते थे तो विधायक जी कभी इनकी तरफ कहते थे, कभी रामू की तरफ कहते थे। वह अधिकारी परसों से आए हुए थे और जब आज ये मर्डर हो गया तो निकल गए। राजीव सर, अनूप सर और किरण कोठारी तीनों लोग आए थे। वो निकल गए और किसी को करोंच नहीं आई। मेरे बच्चे को ही क्यों मार दिया? सब ठाकुर हैं, भाई-बंधु सब उनके हैं।’
एचपीसीएल के प्लांट में घुसकर दिनदहाड़े की गई थी हत्या
मूसाझाग क्षेत्र के सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल के सीबीजी (कंप्रेस्ड बायो गैस) प्लांट के उप महाप्रबंधक (डीजीएम) और डिप्टी मैनेजर की गुरुवार को दिनदहाड़े तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्लांट से फरवरी में ही हटाए गए मेसर्स लक्ष्य पावरटेक कंपनी के ठेका कर्मचारी अजय प्रताप सिंह ने घटना को उस समय अंजाम दिया जब अधिकारी प्लांट के भीतर अधीनस्थों की बैठक ले रहे थे। वारदात के बाद आरोपी ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हत्या के आरोपी युवक पर डीजीएम ने एक महीने पहले चार फरवरी को धमकी देने का मुकदमा भी दर्ज कराया था। इस घटना से अति सुरक्षित प्लांट पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गये। वहीं, देर रात थाना मूसाझाग प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार व हल्का प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार को सस्पेंड कर दिया गया।
तमंचा बरामदगी के दौरान हाफ एनकाउंटर
डीजीएम व डिप्टी मैनेजर की हत्या करने वाले आरोपी ने तमंचा बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में हत्यारोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग में थाने का एक सिपाही भी घायल है। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए भर्ती कराया।




साइन इन