BSP shows strength in Lucknow on Ambedkar Jayanti, crowds gather बसपा ने आंबेडकर जयंती पर लखनऊ में दिखाई ताकत, सामाजिक परिवर्तन स्थल पर उमड़ा रेला, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बसपा ने आंबेडकर जयंती पर लखनऊ में दिखाई ताकत, सामाजिक परिवर्तन स्थल पर उमड़ा रेला

बसपा ने आंबेडकर जयंती पर लखनऊ में विपक्ष को ताकत दिखाई।प्रदेश के सभी जिलों से बसपा नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में परिवार के साथ पहुंचे और डा.अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित की।

Tue, 14 April 2026 07:30 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
बसपा ने आंबेडकर जयंती पर लखनऊ में दिखाई ताकत, सामाजिक परिवर्तन स्थल पर उमड़ा रेला

UP News: बाबा साहेब डा.भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को उनके अनुयायियों का उत्साह अपने उत्कर्ष पर था। लखनऊ में गोमतीनगर स्थित डा.भीमराव आंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल पर सुबह से ही बसपाईयों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो रात तक जारी रहा। बसपा ने डॉ.आंबेडकर जयंती के माध्यम से विपक्षी दलों को अपनी ताकत व एकजुटता का एहसास कराया। प्रदेश के सभी जिलों से बसपा नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में परिवार के साथ पहुंचे और डा.अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित की।

सामाजिक परिवर्तन स्थल के बाहर सजे मेले में बसपाईयों ने डा.आंबेडकर के चित्र व प्रतिमा के साथ ही पार्टी की प्रचार सामग्री की भी खरीदारी की। गीत-संगीत के कार्यक्रमों के बीच कार्यकर्ताओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया। दिन में तेज धूप होने के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में महिलाएं व बच्चे भी पहुंचे। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल समेत अन्य वरिष्ठ नेता कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे। पार्टी ने सभी 18 मंडल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को इस बार परिवार समेत लखनऊ पहुंचने का निर्देश दिया था।

मायावती सामाजिक परिवर्तन स्थल नहीं पहुंचीं

बसपा सुप्रीमा मायावती सामाजिक परिवर्तन स्थल नहीं पहुंचीं। पार्टी पदाधिकारियों का कहना था कि मेले में किसी प्रकार का कोई व्यवधान अथवा रुकावट न हो, इसके लिए बसपा सुप्रीमो ने यह निर्णय किया। नोएडा में राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर मरम्मत का कार्य होने की वजह से इस बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी लखनऊ पहुंचे। अन्य राज्यों में भी बसपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में पार्टी के लोगों ने जोन स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर डा.आंबेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP News Live: तीसरी बार बनेगी NDA सरकार, अंबेडकर जयंती पर बोलीं अनुप्रिया
ये भी पढ़ें:दागियों को टिकट नहीं, सर्वजन को लड़ाएगी बसपा; मायावती का 2027 चुनावी प्लान

मायावती ने केंद्रीय कैंप कार्यालय बाबा साहेब की भव्य प्रतिमा पर माल्यापर्ण

वहीं मायावती ने बसपा के केंद्रीय कैंप कार्यालय नौ माल एवेन्यू में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बाबा साहेब की भव्य प्रतिमा पर माल्यापर्ण और चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। मायावती ने कहा कि डा.अंबेडकर की बदौलत ही देश में उपेक्षित और वंचित बहुजन समाज के लोगों को आत्म सम्मान तथा पुरुष व महिला हर नागरिक को एक वोट के बराबरी वाले हक के साथ जीने का अधिकार संविधान में मिला है। इसके लिये देश हमेशा उनका कृतज्ञ रहेगा, भले ही केंद्र में रहीं विभिन्न पार्टियों की सरकारों ने उन्हें भारतरत्न से सम्मानित करने में काफी लंबे समय तक उनका लगातार तिरस्कार किया हो। मायावती ने सभी जिलों से बसपाइयों के लखनऊ स्थित डा.भीमराव अंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल पहुंचने के लिए आभार जताया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बृजभूषण का मजदूरों के प्रदर्शन को समर्थन, शालिनी के चुनाव लड़ने पर क्या बोले?
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।